प्रोफेसर पंडितराव धरेनवर की मुहिम रंग ला गई है। पंजाब यूनिवर्सिटी ने परिसर में होने वाले किसी भी कार्यक्रम में नशे व हथियारों के प्रमोशन वाले गाने पर बैन लगा दिया है। यदि इनको बढ़ावा दिया गया तो तुरंत कार्रवाई होगी। पीयू प्रशासन ने इसके आदेश सभी हॉस्टल वार्डन, स्टूडेंट काउंसिल व विभागों को जारी किए गए हैं।
प्रोफेसर पंडितराव धरेनवर ने वर्षों पहले से एक मुहिम छेड़ रखी है कि चंडीगढ़ में किसी भी शिक्षण संस्थान या अन्य जगहों पर नशा, हथियारों के प्रमोशन वाले गाने न आए जाएं। आपत्तिजनक गानों के कारण विद्यार्थियों पर ही नहीं पूरे समाज पर प्रभाव पड़ता है। वह समय समय पर ऐसे गानों के विरोध में अपना प्रोटेस्ट करते हैं।
बता दें कि कुछ महीने पहले पीयू के एक कार्यक्रम सिंगर मनकीरत औलख आए थे। पंडितराव ने पीयू प्रशासन से कहा था कि वह हथियार व नशा प्रमोशन के गाने गाते हैं। उनके कार्यक्रम पर रोक लगा दी जाए। एसएसपी ने भी इसे गंभीरता से लिया और उस कार्यक्रम में ऐसे गाने नहीं गाने दिए गए।
लेकिन पंडितराव चाहते थे कि पीयू में पूरी तरह इस पर रोक लगनी चाहिए ताकि बार बार किसी को इसके लिए प्रोटेस्ट न करना पड़े। उन्होंने वीसी को लिखित में चिट्ठी दी और मांग की। उसके बाद डीएसडब्ल्यू इमैनुअल नाहर ने इसके लिए आदेश जारी कर दिए। मालूम हो कि चंडीगढ़ में हर दिन दर्जनों कार्यक्रम विभिन्न स्थलों पर होते हैं। उनमें भी कई बार आपत्तिजनक गाने गा दिए जाते हैं। उस पर भी पंडितराव बैन लगवाने की मांग कर रहे हैं।