चंडीगढ़ के 40 गवर्नमेंट स्कूलों में 11वीं में दाखिले के लिए शिक्षा विभाग ने दूसरी काउंसिलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है। शुक्रवार विभाग ने वेबसाइट पर सभी गवर्नमेंट स्कूलों में खाली सीटों की जानकारी अपलोड कर दी है। दूसरी काउंसिलिंग में भी काफी स्टूडेंट को पसंद के स्कूल में दाखिला मिलने की उम्मीद है। स्टूडेंट 16 से 18 जुलाई तक दूसरी काउंसिलिंग में शामिल होने के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन फार्म स्कूलों में उपलब्ध कराया गया है।
दूसरी काउंसिलिंग में मॉडल स्कूलों के साथ चंडीगढ़ के गांवों और कालोनियों के नॉन मॉडल गवर्नमेंट स्कूलों में काफी सीटें खाली हैं। शिक्षा विभाग 11वीं में 13,500 सीटों पर दाखिला देगा। पहली काउंसिलिंग में 16 हजार स्टूडेंट को विभिन्न संकायों में अलॉटमेंट की गई थी। जानकारी अनुसार जीएमएसएसएस-16 में साइंस की 26, कॉमर्स 5 और आर्ट्स की 4 सीटें खाली हैं। मनीमाजरा स्थित गवर्नमेंट स्कूल में साइंस की 5, कामर्स की 1 सीट खाली है।
सेक्टर-35 गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में साइंस की 12, कामर्स 7, आर्ट्स की 7 सीटें खाली हैं। पहली बार आवेदन करने वाले स्टूडेंट को 150 रुपये की कीमत के प्रॉस्पेक्टस में दिए आवेदन फॉर्म को भरकर जमा करना होगा। शिक्षा विभाग ने शुक्रवार दोपहर बाद ही वेबसाइट पर खाली सीटों की जानकारी अपलोड की। स्टूडेंट सुबह 11 बजे से ही खाली सीटों की जानकारी के लिए वेबसाइट चेक करते रहे। डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन रुबिंदरजीत सिंह बराड़ के अनुसार दूसरी काउंसिलिंग में स्टूडेंट्स को स्कूल, स्ट्रीम और विषयों के ऑप्शन बदलने का मौका मिलेगा।
बराड़ के अनुसार दूसरी काउंसिलिंग में हिस्सा लेने के लिए नया फॉर्म भरकर 8 गवर्नमेंट स्कूलों में जमा करना होगा। स्कूल और स्ट्रीम बदलने के लिए दो पेज का आवेदन फॉर्म शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।। जिन स्टूडेंट ने पहली काउंसिलिंग के लिए आवेदन किया है, लेकिन किसी स्कूल में दाखिला नहीं लिया वह भी दूसरी काउंसिलिंग में हिस्सा ले सकेंगे। गवर्नमेंट स्कूलों में वोकेशनल कोर्स की भी काफी सीटें खाली हैं।
स्कूलों में स्टूडेंट की बड़े स्तर पर होगी अदला बदली
गवर्नमेंट स्कूलों में 11वीं की दूसरी काउंसिलिंग में बड़े स्तर पर स्टूडेंट स्कूल और संकाय की अदला बदली करेंगे। कई स्टूडेंट पसंद के संकाय और स्कूल में दाखिले के लिए फिर से आवेदन करेंगे। ऐसे में स्टूडेंट को फीस रिफंड कराने और दूसरे स्कूल में दाखिले के लिए नए सिरे से भागदौड़ करनी होगी।
ये है काउंसिलिंग का शेड्यूल
16 से 18 जुलाई तक सुबह 9 से 1 बजे तक रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करना होगा।
23 जुलाई को सुबह 11 बजे स्कूल और स्ट्रीम अलॉटमेंट लिस्ट जारी होगी।
25 से 27 जुलाई तक सुबह 9 से 11 बजे तक फीस जमा करनी होगी।
इन आठ स्कूलों में जमा होंगे आवेदन फार्म
11वीं की दूसरी काउंसिलिंग के लिए स्टूडेंट को जीएमएसएसएस-10, जीजीएमएसएसएस-20, जीएमएसएसएस-28डी, जीएमएसएसएस-37डी, जीएमएसएसएस-38(वेस्ट), जीएमएसएसएस-47, जीएमएसएसएस-एमएचसी मनीमाजरा, और जीएसएसएस मौली जागरां(वी) में आवेदन करना होगा। स्टूडेंट को प्रॉस्पेक्टस भी इन्हीं 8 स्कूलों से मिलेंगे।