पंजाब यूनिवर्सिटीज में शिक्षकों की भर्ती करने के आदेश यूजीसी ने जारी कर दिए हैं। अब कॉलेजों के भी अच्छे दिन आने वाले हैं। यूजीसी ने सभी कॉलेजों से खाली पदों का ब्योरा मांगा है। जुलाई में ही यूजीसी की ओर से कार्रवाई शुरू की जाएगी। देश भर में पांच हजार से अधिक कॉलेज हैं। इसमें सरकारी व सहायता प्राप्त कॉलेज शामिल हैं।
इन कॉलेजों में लगातार छात्रों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो रही है, लेकिन उसके अनुसार शिक्षकों की भर्ती नहीं हो पा रही है। इससे शिक्षा गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए शिक्षकों की तैनाती की तैयारी चल रही है। यही हाल यूनिवर्सिटीज में था। चारों ओर से दबाव पड़ा तो यूनिवर्सिटीज में शिक्षकों की भर्ती के आदेश मिल गए और उसके लिए रिक्तियां भी निकाल दी गईं।
अब कॉलेजों की बारी है। बताया जाता है कि हर कॉलेज में 10 से 12 शिक्षकों की कमी है। यदि यह पूरी हो गई तो काम चलाया जा सकता है। सभी रिक्तियां भरना एक साथ आसान नहीं है। सूत्रों का कहना है कि जैसे ही कॉलेजों से डाटा जाएगा उसके मुताबिक रिक्तियों की संख्या निकाली जाएगी। जुलाई माह के आखिर तक इन रिक्तियों को भी हरी झंडी मिल जाएगी।