पंजाब यूनिवर्सिटी अब फिर से उन कॉलेजों को मान्यता देने की तैयारी में जुट गई है, जिनके आवेदन कोरोना के चलते फंसे हुए थे। कमेटी की ओर से बैठक करके मानकों की जांच होगी। यह जांच मौका मुआयना करके भी हो सकती है या फिर कॉलेजों की ओर से आवेदनों के साथ लगाई गई फोटो के आधार पर भी हो सकती है। सितंबर में मान्यता का कार्य शुरू हो जाएगा।
कोरोना के पहले कई कॉलेजों ने अपने यहां नए कोर्स की मान्यता लेने के लिए अप्लाई किया था। कुछ आवेदन ऐसे आए थे जो कॉलेज की मान्यता के थे लेकिन उसके बाद कोरोना की दस्तक हो गई और लॉकडाउन लग गया। इस दौरान कुछ रियायतें दी गईं लेकिन पूरी तरह से सब सामान्य नहीं हो पाया। इस कारण मान्यता का कार्य भी अटक गया।
अब पीयू की ओर से एडमिशन की प्रक्रिया चलाई जा रही है। इस बीच में कॉलेजों की मान्यता, नए कोर्स की मान्यता का कार्य भी शुरू किए जाने की तैयारी चल रही है। सूत्रों का कहना है कि सितंबर में कमेटी की बैठक होगी और इस पर कार्रवाई शुरू हो जाएगी। लंबित आवेदनों का निपटारा सितंबर में हो सकता है।
कुछ नए कोर्सेज में कॉलेज इस साल भी दाखिला ले सकते हैं। हालांकि यह तभी होगा, जब उन्हें कमेटी की ओर से मान्यता मिल जाएगी।