पंजाब यूनिवर्सिटी में होने वाले छात्र काउंसिल चुनाव की तारीखों में बदलाव हो सकता है। इसके लिए प्रपोजल तैयार किया गया है। लेकिन चुनाव की तिथि पर अंतिम मुहर यूटी प्रशासन से मंजूरी के बाद ही लगेगी। दरअसल, पीयू प्रशासन 9 सितंबर को चुनाव कराने के मूड में है। पीयू अधिकारियों ने यूटी के गृहसचिव और पुलिस विभाग के अधिकारियों को सितंबर के दूसरे या तीसरे हफ्ते में चुनाव कराने का सुझाव दिया है।
पीयू से मिली जानकारी के अनुसार पंजाब यूनिवर्सिटी सीनेट के चुनाव भी सितंबर में होंगे। 25 सितंबर को ग्रेजुएट चुनाव क्षेत्र के लिए देश के कई राज्यों में मतदान होगा। बड़े स्तर पर होने वाले सीनेट चुनाव से पहले ही पीयू प्रशासन छात्र काउंसिल चुनाव कराना चाहता है। पीयू काउंसिल चुनाव के लिए पीयू के डीएसडब्ल्यू और सिक्योरिटी अधिकारियं की मौखिक तौर पर यूटी प्रशासन और पुलिस विभाग से बातचीत हो चुकी है।
दोनों पक्षों में करीब 9 सितंबर को चुनाव कराने पर जल्द सहमति बन सकती है। 9 सितंबर को चुनाव के बाद स्टूडेंट्स को 10 और 11 सितंबर को छुट्टी मिल जाएगी। पीयू छात्र काउंसिल चुनाव अधिकतर शुक्रवार को ही कराए जाते हैं।
पीयू में 20 अगस्त तक होंगे एडमिशन
पंजाब यूनिवर्सिटी में इस साल 20 अगस्त दाखिले की अंतिम तिथि है। इसके बाद कभी भी पीयू प्रशासन चुनाव करवा सकता है। लेकिन कई बार पीयू प्रशासन दाखिले की अंतिम तिथि बढ़ा देता है। ऐसे में 30 अगस्त तक दाखिले हो सकते हैं। चुनाव की घोषणा के बाद छात्रों को एक हफ्ते का समय दिया जाता है। ऐसे में 9 सितंबर की तारीख चुनाव के लिए सबसे उपयुक्त मानी जा रही है। चुनाव में देरी से छात्र संगठनों में लड़ाई से माहौल खराब होने की आशंका रहती है।
छात्र संगठनों ने तैयारी शुरू की
पीयू कैंपस में लगभग सभी छात्र संगठनों ने चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। पीयू कैंपस में पोस्टर वार भी शुरू हो चुका है। नया एकेडमिक सत्र शुरू होते ही कैंपस में छात्र संगठनों में मारपिटाई का सिलसिला भी चल रहा है। वीरवार को पीयू कैंपस में स्टूडेंट फॉर सोसाइटी की जनरल बॉडी मीटिंग में इस बार एसएफएस द्वारा चुनाव लड़ने का फैसला लिया गया है। वीरवार को 300 से अधिक स्टूडेंट्स ने कैंपस में निकाली रैली में हिस्सा लिया।
पीयू छात्र काउंसिल चुनाव की तिथि पर अभी कोई अंतिम फैसला नहीं लिया गया है। यूटी प्रशासन और पुलिस की अनुमति के बाद ही तिथि घोषित की जाएगी। वैसे पीयू प्रशासन सितंबर के दूसरे और तीसरे सप्ताह में छात्र काउंसिल चुनाव को प्राथमिकता देगा।
- प्रोफेसर नवदीप गोयल, डीएसडब्ल्यू पंजाब यूनिवर्सिटी