पंजाब यूनिवर्सिटी(पीयू) गर्ल्स हॉस्टल नंबर 1 में बीएससी की एक छात्रा की हालत कई दिनों से काफी गंभीर है। 19 सितंबर को पंजाब यूनिवर्सिटी के ही एक कर्मचारी ने छात्रा पर गाड़ी चढ़ा दी थी। छात्रा का इलाज एक प्राइवेट अस्पतावल में चल रहा है। लेकिन अभी तक हादसे को अंजाम देने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने पर रविवार पीयू कैंपस में जमकर हंगामा हुआ।
एक्सिडेंट में गंभीर रुप से घायल बीएससी तीसरे वर्ष की छात्रा कोमल कालपड़े के समर्थन में स्टूडेंट्स फॉर सोसाइटी(एसएफएस) ने गर्ल्स हॉस्टल नंबर 1 के सामने जमकर हंगामा किया। एसएफएस छात्र नेताओं का आरोप है कि हॉस्टल की ही असिस्टेंट वार्डन के रिश्तेदार ने छात्रा पर गाड़ी चढ़ाई और अब उसे मामले को रफा दफा करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। आरोपी को बचाने के लिए पीयू प्रशासन ने भी कई दिन तक पुलिस में मामला भी दर्ज नहीं कराया।
जानकारी अनुसार हादसे के बाद छात्रा को सेक्टर-34 के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया। छात्रा के शरीर में दो तीन फ्रेक्चर के साथ ही काफी गंभीर चोटे आई हैं। छात्रा की सर्जरी के लिए काफी पैसा की जरुरत पड़ेगी। लेकिन अब हादसा करने वाले व्यक्ति और उसका परिवार छात्रा का खर्च उठाने से भी मना कर रहा है। डॉक्टर ने छात्रा को करीब दो महीने का बेड रेस्ट दिया है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने को लेकर देर शाम तक हॉस्टल के बाहर एसएफएस समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। एसएफएस छात्र नेता दमनप्रीत ने कहा कि मामले में पीयू प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए, साथ ही छात्रा के इलाज का खर्च आरोपी से लिया जाए।