कॉलेजों के सालाना सबसे रोमांचक यूथ फेस्टिवल की सोमवार से शुरूआत होने जा रही है। पंजाब यूनिवर्सिटी जोनल यूथ एंड हेरिटेज फेस्टिवल जोन-चंडीगढ़(बी) का आयोजन इस साल सेक्टर-36 स्थित एमसीएम डीएवी कॉलेज फॉर वुमन में होने जा रहा है। करीब 9 गर्ल्स कॉलेजों की 50 से अधिक टीमें यूथ फेस्टिवल में जीत के लिए प्रस्तुति देंगी।
26 से 29 सितंबर तक होने वाले यूथ फेस्टिवल का उद्घाटन सोमवार को चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर सुबह 11 बजे करेंगी। 2016 यूथ फेस्टिवल का थीम इस बार यूथ एंड इनोवेशन, एंटरन्योरशिप एंड नेशनल डेवलेपमेंट रहेगा। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ.निशा भार्गव ने बताया कि यूथ फेस्टिवल में चंडीगढ़ और पंजाब के विभिन्न गर्ल्स कॉलेजों की टीमें हिस्सा लेंगी। उन्होंने बताया कि एक महीने से यूथ फेस्टिवल को सफल बनाने के लिए जोरदार तरीके से तैयारियां चल रही हैं। एमसीएम में होने वाले यूथ फेस्टिवल के पहले दिन 26 सितंबर को लोकगीत, भजन, ग्रुप सिंगिंग, क्लासिक डांस सोलो जैसे 20 से अधिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।