पंजाब यूनिवर्सिटी की नई स्टूडेंट काउंसिल
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब यूनिवर्सिटी की नई छात्र काउंसिल के सदस्यों ने शपथ ले ली और पदभार संभाल लिया। इसके लिए भव्य समारोह का आयोजन किया गया। यूनिवर्सिटी के फिजिक्स ऑडिटोरियम में डीएसडब्ल्यू प्रो.नंदिता सिंह ने कार्यकारिणी को पद की गोपनीयता की शपथ दिलाई। 7 सितंबर को पीयू काउंसिल की चार सीटों के लिए हुए चुनाव में पुसू और एनएसयूआई(फ्रंट) ने प्रेसिडेंट सहित वाइस प्रेसिडेंट,सेक्रेटरी और ज्वाइंट सेक्रेटरी पद पर जीत हासिल कर ली थी।
लेकिन बुधवार को पीयू स्टूडेंट काउंसिल में एग्जीक्यूटिव के पांच पदों के लिए मतदान हुआ। पीयू काउंसिल एग्जीक्यूटिव चुनाव में स्टूडेंट शिरोमणी अकाली दल की छात्र इकाई आर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया(सोई) ने तीन सीटों पर बाजी मार ली है। दो सीट पुसू और एनएसयूआई(एसएफ) के खाते में गई। पीयू फिजिक्स ऑडिटोरियम में सुबह 11 बजे एग्जीक्यूटिव चुनाव के लिए सभी पार्टियों ने पूरा जोर लगा दिया।
पीयू के 68 विभागों से चुने गए 124 डिपार्टमेंटल रिप्रेजेंटेटिव(डीआर) को ही पांच एग्जीक्यूटिव को चुनना था। चुनाव नामांकन से लेकर मतदान तक का पूरा प्रोसेस 2 बजे तक जारी रहा। चुनाव में कुल 107 डीआर ने अपने मत का प्रयोग किया।
ये 5 एग्जीक्यूटिव चुने गए
बुधवार को पीयू काउंसिल के लिए हुए मतदान से 5 एग्जीक्यूटिव चुने गए। जिसमें तेजेंद्र कौर, सौरभ जैन, गौरवजोत सिंह,सुरखाब और शहबाज शामिल हैं। बुधवार को शपथ लेने वालों में प्रधान निशांत कौशल,वाइस प्रेसिडेंट अवनीत कौर,सेक्रेटरी आशिक मोहम्द और ज्वाइंट सेक्रेटरी अमित कौशिक शामिल थे।
शपथ ग्रहण में इस साल फूलमालाओं को किया बंद
पंजाब यूनिवर्सिटी की नई स्टूडेंट काउंसिल
- फोटो : अमर उजाला
पीयू स्टूडेंट काउंसिल के शपथ ग्रहण समारोह में आमतौर पर फुलमालाओं और बारी नेताओं और समर्थकों की भीड़ जुटती रही है। लेकिन बुधवार को पीयू की नई काउंसिल का समारोह बिल्कुल सादगी से मनाया गया। प्रधान और अन्य तीन प्रमुख पद पर जीतने वाले कैंडीडेट्स को डीएसडब्ल्यू की ओर से सिर्फ बुके भेंट किए गए। पीयू स्टूडेंट सेंटर पर बने काउंसिल दफ्तर में भी सभी पदाधिकारियों ने साधारण तरीके से पदभार संभाला। शाम को पुसू और एनएसयूआई(एसएफ) ने जीत के बाद सभी हॉस्टल में स्टूडेंट्स का धन्यवाद करने के लिए पारंपरिक तरीके से जागो निकाला।
पुसू फाउंडर मेंबर बराड़ पहुंचे शपथ ग्रहण समारोह में
पीयू स्टूडेंट काउंसिल में छ साल बाद पुसू ने बड़ी जीत हासिल की है। पुसू को कैंपस में शुरू करने वाले फाउंडर मेंबर जसकरण बराड़ को इस मौके पर छात्र नेताओं ने विशेष तौर पर कार्यक्रम में बुलाया था। छात्र नेताओं ने बराड़ के पांव छूकर उनसे आर्शीवाद भी लिया। हाल में बराड़ का जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया गया। बराड़ ने कहा कि पुसू का गठन छात्र हितों को ध्यान में रखकर किया गया था।
पीयू के 15 हजार लोगों ने पुसू और सहयोगी संगठनों पर बेहतर काम का विश्वास कर जीत दिलाई है। पूरी टीम छात्र हितों के लिए साल भर काम करेगी। राजनैतिक पार्टियों का स्टूडेंट काउंसिल में किसी तरह का दखल नहीं होगा।
- निशांत कौशल, प्रेसिडेंट पीयू स्टूडेंट काउंसिल
काउंसिल सबसे पहले कैंपस हॉस्टल की दिक्कतों को प्रमुख्ता से उठाएगी। हम सभी हॉस्टल में खुद जाकर स्टूडेंट्स से फीडबैक लेकर उन मुद्दों को पीयू प्रशासन के सामने रखेंगे। काउंसिल में बदलाव का भविष्य में अच्छा असर देखने को मिलेगा।
- अवनीत कौर, वाइस प्रेसिडेंट पीयू स्टूडेंट काउंसिल