पंजाब यूनिवर्सिटी की शनिवार को 2016-20 सत्र के लिए पहली सीनेट बैठक होने जा रही है, जिसमें कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। नई सीनेट में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों के साथ पहली बार सीनेट में कई हस्तियां भी शिरकत करेंगी। पीयू सीनेट में शहर की सांसद किरण खेर पहली बार शिरकत कर सकती हैं। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष संजय टंडन के अलावा पवन बंसल और सत्यपाल जैन को फिर से सीनेट के लिए नॉमिनेट किया गया है।
पीयू सीनेट में इस बार नवदीप गोयल और अशोक गोयल ग्रुप होंगे। सीनेट चुनाव में नवदीप गोयल गुट का पलड़ा भारी रहा है। ऐसे में पहली सीनेट को लेकर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं। पीयू सीनेट में पीयू और एफिलिएटेड कॉलेजों में आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए बड़ा फैसला हो सकता है। पीयू प्रशासन को ट्यूशन फीस नहीं बढ़ाने के लिए आय सीमा 1.5 लाख से 2.5 लाख करने का फैसला भी लेना है। जबकि कुछ सीनेटर आय सीमा की स्लैब को 5 लाख तक करने का मुद्दा उठाएंगे।
सीनेट में अभिनेता अनुपम खेर को कला रत्न, प्रो. दलीप कौर टिवाना को साहित्य रत्न और डॉ. डीपी गुप्ता को 2016-17 का विज्ञान रत्न देने के फैसले पर भी मुहर लगेगी। यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लाइड मैनेजमेंट साइंस (यूआईएएमएस) एग्जाम फंड की 50 लाख राशि को टीचिंग डिपार्टमेंट में डेवलेपमेंट फंड के लिए खर्च करने का प्रस्ताव भी सीनेट में आएगा। सीनेट में डीएसडब्ल्यू प्रो. इमैनुअल नाहर और प्रो. नीना कपलेश को डीएसडब्ल्यू बनाने पर भी मुहर लगनी तय है।
सीनेट में बोर्ड ऑफ फाइनेंस की दो सीटों के लिए चुनाव होगा। इन सीटों के लिए डॉ. बीसी जोसन, प्रो. रजत संधीर, संजय टंडन, डॉ. सर्बजीत कौर और डॉ. विपिन कुमार नारंग मैदान में है। सीनेट में महिला प्रोफेसर की ओर से यौन उत्पीड़न मामले की रिपोर्ट खोली जाएगी।