वर्ल्ड टॉप एजुकेशनल इंस्टीट्यूट और यूनिवर्सिटी की रैंकिंग जारी करने वाली अंतरराष्ट्रीय संस्था यूनि रैंक ने टॉप इंडियन यूनिवर्सिटी 2018 की रैंकिंग जारी कर दी है। इस सूची में यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली को देश का सर्वश्रेष्ठ शिक्षण संस्थान माना गया है। इसमें आईआईटी कानपुर को देश में दूसरी और दुनिया में 221वीं रैंक मिली है। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) को देश में 17वां और दुनिया में 1194वां स्थान मिला है। यह पहली बार है कि किसी वर्ल्ड फोरम पर सीएसजेएमयू को इतनी अच्छी रैंक मिली हो। उत्तर प्रदेश से डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एकेटीयू) को देश में 14वीं बेस्ट यूनिवर्सिटी माना गया है। सूची में सरकारी और गैर सरकारी दोनों तरह के संस्थानों को शामिल किया गया है।
ये हैं देश की टॉप-20 यूनिवर्सिटी ऑर इंस्टीट्यूट
नेशनल रैंक वर्ल्ड रैंक यूनिवर्सिटी/इंस्टीट्यूट
01 107 यूनिवर्सिटी ऑफ दिल्ली
02 221 आईआईटी कानपुर
03 273 आईआईटी मद्रास
04 304 आईआईटी बांबे
05 469 लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी
06 541 आईआईटी खड़गपुर
07 610 सावित्री बाई फूले यूनिवर्सिटी
08 614 आईआईटी दिल्ली
09 654 अन्ना यूनिवर्सिटी
10 661 आईआईटी गुवाहाटी
11 683 वीआईटी यूनिवर्सिटी
12 756 आईआईएससी बंगलुरू
13 952 एसआरएम इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी
14 963 डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम टेक्निकल यूनिवर्सिटी
15 1148 पंजाब यूनिवर्सिटी
16 1155 गुजरात टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी
17 1194 छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर
18 1285 बंगलूरू यूनिवर्सिटी
19 1326 यूनिवर्सिटी ऑफ राजस्थान
20 1373 गुरु गोविंद सिंह इंद्रप्रस्थ यूनिवर्सिटी
लखनऊ विवि 29वें और बीएचयू 46वें पायदान पर
प्रदेश के कई अन्य शिक्षण संस्थानों ने भी यूनि रैंक के टॉप-100 में अपनी जगह बनाई है। इसमें लखनऊ विश्वविद्यालय को 29वां, मोतीलाल नेहरू नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एमएनएनआईटी) को 44वां, बीएचयू को 46वां, नरेंद्र देव यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी को 47वां, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी को 54वां, चौधरी चरण सिंह यूनिवर्सिटी को 64वां, एमजेपी रुहेलखंड यूनिवर्सिटी को 63वां, यूनिवर्सिटी ऑफ इलाहाबाद को 79वां स्थान मिला है।
देश में सबसे ज्यादा कॉलेजों वाला विवि सीएसजेएमयू
हाल ही में मानव संसाधन विकास मंत्रालय (एमएचआरडी) ने ऑल इंडिया सर्वे ऑन हायर एजुकेशन 2017-18 की रिपोर्ट जारी की थी। इसमें छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय को देश में सबसे ज्यादा कॉलेजों वाला विश्वविद्यालय का तमगा दिया गया था। विश्वविद्यालय से कुल 931 कॉलेज जुड़े हैं।
इन मानकों पर होती है परख
यूनि रैंक संस्थान की ओर से दुनियाभर के विश्वविद्यालयों को कई मानकों पर परखा जाता है। इसमें संस्थान का इंफ्रास्ट्रक्चर, पास होने वाले छात्रों की स्थिति, छात्रों की संख्या, संसाधन, शिक्षक-छात्र अनुपात, शिक्षकों के शैक्षिक योग्यता सहित कई मानकों को देखा जाता है।
इंस्टीट्यूट में रिसर्च, इनोवेशन, एकेडमिक कार्यक्रमों पर फोकस किया जा रहा है। इंटरनेशनल फैकल्टी की संख्या बढ़ाई जा रही है। हमें पूरी उम्मीद है कि आने वाले दिनों में वर्ल्ड रैंकिंग में हम टॉप-100 में जगह बनाने में कामयाब होंगे।
- प्रो. अभय करंदीकर, निदेशक, आईआईटी कानपुर