यूटी शिक्षा विभाग जल्द ही शहर में डे बोर्डिंग स्कूल सिस्टम शुरू करने की तैयारी में जुट गया है। यूटी प्रशासक वीपी सिंह बदनोर के सुझाव पर शिक्षा विभाग ने पायलट प्रोजेक्ट के तहत शुरुआत में शहर के दो सरकारी स्कूलों में डे बोर्डिंग सुुविधा देने का प्रपोजल तैयार किया है।
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-43 स्थित गवर्नमेंट स्कूल और सेक्टर-48 या 49 के गवर्नमेंट स्कूलों में से एक स्कूल को डे बोर्डिंग बनाने का प्रपोजल तैयार किया जा चुका है। इस मामले में अंतिम फैसला प्रशासक करेंगे।
जानकारी के अनुसार, डे बोर्डिंग की सुविधा शुरू होने के बाद इन स्कूलों में सुबह 9 से शाम 4 बजे तक स्कूली बच्चे रहेंगे। डे बोर्डिंग में पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों को खेल और अन्य गतिविधियों को भी स्कूल कैंपस में ही कराया जाएगा। इन स्कूलों में बच्चों के लिए खास तौर से कोच नियुक्त किए जाएंगे। इन स्कूलों में सिंगल शिफ्ट में ही बच्चों को दाखिला मिल सकेगा। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार जल्द ही डे बोर्डिंग कांसेप्ट शुरू करने पर काम शुरू कर दिया जाएगा।