पीयू सीनेट चुनाव के दूसरे फेज में सोमवार को टेक्निकल कॉलेज के प्रिंसिपल और स्टाफ की 6 सीटों के लिए मतदान हुआ। प्रिंसिपल पदों के लिए 93 और स्टाफ की सीटों के लिए 75 फीसदी मतदान हुआ है। चंडीगढ़ और अन्य राज्यों में मतदान के लिए 28 बूथ बनाए गए थे।
पीयू प्रवक्ता के अनुसार प्रिंसिपल चुनाव क्षेत्र से 93 फीसदी मतदान हुआ है। प्रिंसिपल की 3 सीटों के लिए हुए मतदान में 43 प्रिंसिपल ने मत का प्रयोग किया। इस क्षेत्र के लिए कुल 46 मतदाता थे। उधर, टेक्निकल कॉलेज स्टाफ चुनाव क्षेत्र की तीन सीटों के लिए 75 फीसदी मतदान हुआ। 691 मतदाताओं में से 519 ने अपने मत का अधिकार किया। इन सीटों का परिणाम 14 सितंबर को घोषित किया जाएगा। प्रिंसिपल की तीन सीटों के लिए 5 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। स्टाफ की तीन सीटों के लिए 6 उम्मीदवारों में कड़ी टक्कर थी।