पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन ने स्टूडेंट काउंसिल के पूर्व प्रेसिडेंट दिवांशू बुद्दिराजा की कैंपस में एंट्री पर रोक लगा दी है। साथ ही उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत देने के भी निर्देश जारी कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार वीरवार शाम करीब 5 बजे एनएसयूआई के समर्थन से पंजाब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट काउंसिल में प्रेसिडेंट चुने जा चुके दिवांशू की सिक्योरिटी गार्ड से कहासुनी हो गई। पीयू प्रशासनिक ब्लॉक के बाहर गाड़ी की एंट्री को लेकर पूरा विवाद हुआ। मामले में दिवांशू के खिलाफ सिक्योरिटी गार्ड ने चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर और रजिस्ट्रार को को लिखित शिकायत दी है। दिवांशू पर जबर्दस्ती गाड़ी को नो एंट्री एरिया में लाने का आरोप है।
चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर डॉ.जितेंद्र ग्रोवर ने घटना के बाद मामले की रिपोर्ट पीयू रजिस्ट्रार कर्नल जीएस चड्ढा को दी। सिक्योरिटी गार्ड के साथ गाली गलौच के बाद दिवांशु की पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में एंट्री बंद करने के बारे में भी चीफ सिक्योरिटी ऑफिस ने लिख दिया। साथ ही रजिस्ट्रार ने दिवांशु के खिलाफ शुक्रवार सुबह पुलिस में शिकायत दर्ज करने के आदेश जारी किए हैं। डॉ.जितेंद्र के अनुसार मामले की शिकायत अनुशासनात्मक कमेटी के पास भी भेजी जाएगी।
उधर इस मामले में दिवांशू ने कहा कि उनपर लगाए गए आरोप पूरी तरह गलत है। दिवांशु के अनुसार उसने सिक्योरिटी गार्ड को सिर्फ बेरिकेट्स हटाने के लिए कहा था। पूरे मामले को जानबूझ कर तूल दिया जा रहा है।