अब प्राइवेट स्कूल अपनी मनमर्जी से स्कूल ड्रेस नहीं बदल पाएंगे। स्कूलों पर शिक्षा विभाग ने सख्ती कर दी है। यूटी के शिक्षा विभाग की ओर से प्राइवेट स्कूलों की मनमानी रोकने के लिए खास प्रपोजल तैयार किया जा रहा है।
नए प्रपोजल के तहत कोई भी प्राइवेट स्कूल 5 साल से पहले ड्रेस में बदलाव नहीं कर सकता है। ड्रेस में बदलाव करने के लिए स्कूल को कम से कम एक साल पहले इसकी जानकारी अभिभावकों को देनी होगी।
जानकारी के अनुसार, शहर के प्रतिष्ठित स्कूलों में एक बच्चे की स्कूल ड्रेस पर 4 से 5 हजार रुपये का खर्च आता है। कई स्कूलों ने स्कूल ड्रेस के साथ ही ब्लेजर, ट्रैक सूट भी अनिवार्य कर रखा है। ड्रेस के नए नियमों को लेकर विभाग जल्द ही नोटिफिकेशन जारी करेगा।
अभिभावकों को मिलेगी बड़ी राहत
शहर के प्राइवेट स्कूल पर मनमर्जी से बच्चों की ड्रेस पर बदलने पर यदि रोक लग जाती है तो इससे अभिभावकों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं, प्राइवेट स्कूल के कमीशन पर भी रोक लगेगी।