पीएचडी कर रहे युवाओं के लिए बहुत बड़ी खबर है, अनदेखी की तो पछताएंगे। इसलिए जरूरी है कि इस एक नियम पर ध्यान दिया जाए। दरअसल केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह का कहना है कि थीसिस की चोरी करके डॉक्टर ऑफ फिलासफी (पीएचडी) करना आसान नहीं होगा। यदि किसी को पीएचडी करनी है तो उसे मौलिक शोध करना होगा।
थीसिस की चोरी रोकने के लिए एक सॉफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) के 40 प्रतिशत कॉलेज फ्रॉड हैं, जो एक कमरे में चलते हैं या कागजों में। सरकार ने एक हजार कॉलेज बंद किये हैं और एक हजार बंद करने की तैयारी में है।
केंद्रीय राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित उच्च शिक्षा नेतृत्व कार्यक्रम के समापन के बाद पत्रकारों से कहा कि अभी एक विद्यार्थी की रिसर्च कॉपी दूसरे विद्यार्थी को 15-15 हजार रुपये में बेची जा रही है। चोरी रोकने वाले सॉफ्टवेयर के आने से न केवल पारदर्शिता आएगी, बल्कि मेहनती लोग ही आगे बढ़ पाएंगे।
उन्होंने कहा कि सरकार नई शिक्षा नीति की व्यवस्था के लिए मसौदा तैयार कर रही है। इसके लिए प्रो. कस्तुरी रंगा की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई गई है। उम्मीद है कि वह 31 दिसंबर तक मसौदा सौंप देंगे। नई शिक्षा नीति पांच स्तंभ पर आधारित होगी। हमारे बच्चे पढ़ना चाहते हैं लेकिन पर्याप्त कॉलेज और विश्वविद्यालय नहीं हैं।
अभी ऐसे भी राज्य हैं जो हायर एजूकेशन में पीछे हैं उनकी तरफ ध्यान देने, शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने, गरीब से गरीब बच्चों को कम कीमत पर शिक्षा प्रदान करने आदि की योजना बनाई जा रही है। इस मौके पर हकेंविवि के वीसी आरसी कुहाड़, यूजीसी के पूर्व चेयरमैन वेदप्रकाश सहित विवि का स्टाफ उपस्थित था।