पीयू सीनेट के अंतिम दौर का मतदान खत्म
- फोटो : अमर उजाला
पीयू की नई सीनेट(2016-20) के लिए चौथ और अंतिम दौर का चुनाव रविवार को संपन्न हो गया। ग्रेजुएट चुनाव क्षेत्र और आर्ट्स कॉलेजों के हेड और प्रोफेसर की कुल 31 सीटों के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई है। सीनेट के सबसे रोमांचक ग्रेजुएट चुनाव क्षेत्र में रविवार को 18 से 20 फीसदी तक मतदान हुआ है।
सीनेट 2012 चुनाव में 26.12 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई। हरियाणा मतदान केंद्रों पर 15 फीसदी से भी कम मतदान हुआ है। जबकि पंजाब के कई इलाकों में 20 फीसदी से अधिक मतदान बताया गया है। रविवार को आर्ट्स कॉलेजों में असिस्टेंट और प्रोफेसर और प्रिंसिपल(हेड) की 16 सीटों के लिए 98 फीसदी तक मतदान हुआ है।
सीनेट चुनाव के अंतिम दौर में सबसे अधिक 31 सीटें दांव पर हैं। ग्रेजुएट क्षेत्र के 3.22 लाख मतदाताओं ने 270 मतदान केंद्रों पर मतदान किया। सुबह से ही वोटिंग का प्रतिशत काफी कम रहा। पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन द्वारा पहली बार सीनेट चुनाव में सभी केंद्रों की वीडियोग्राफी करवाई गई है। सीनेट चुनाव में इस बार डीएवी ग्रुप का दबदबा बताया गया है। जानकारी अनुसार डीएवी कॉलेज-10 प्रिंसिपल डॉ.बीसी जोशन, छात्र नेता डॉ.डीपीएस रंधावा विरेंद्र गिल की स्थिति काफी मजबूत बताई गई है।