चंडीगढ़ के स्कूलों में इस सेशन में 11वीं में करीब 400 से ज्यादा बच्चों को दाखिला नहीं मिला, जिनके लिए अब शाम को कक्षाएं लगाई जाएंगी। एडमिशन के लिए शिक्षा विभाग ने पांचवीं काउंसलिंग आयोजित की। वीरवार को पांचवीं काउंसलिंग के दौरान 400 से ज्यादा बच्चों ने एडमिशन फॉर्म जमा किए।
काउंसलिंग सेक्टर-19 स्थित गर्वनमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल और सेक्टर 23 स्थित गर्वनमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार और वीरवार को आयोजित की गई। दोनों दिन सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक बच्चों की ओर से दाखिला फॉर्म जमा करवाए गए। आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को आर्ट्स विषय में एडमिशन दिया जाएगा।
इन स्टूडेंट्स को सेक्शन में बांटकर इन्हें सांध्य कक्षाओं में पढ़ाया जाएगा। पहले संभावना थी कि अगर कम बच्चे अप्लाई करते हैं तो इन्हें दिन की कक्षाओं में ही समायोजित कर लिया जाएगा। पांचवीं काउंसलिंग 40 प्रतिशत से कम अंक लाने वाले लड़के और 45 प्रतिशत से कम अंक लाने वाली लड़कियों के लिए करवाई गई थी लेकिन इस दौरान कुछ बच्चे ऐसे भी आए, जिनके अंक 50 प्रतिशत और इससे ज्यादा थे।
फॉर्म भरते समय बच्चों शब्द लिखने में आ रही थी दिक्कत
सेक्टर-19 स्थित गर्वनमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दाखिला फॉर्म जमा करवाने आए बच्चों में कुछ बच्चों को फार्म भरना भी नहीं आ रहा था। टीचर्स फॉर्म में गलतियों को लेकर परेशान दिखाई दिए। ऐसी स्थिति में पहले से ही पढ़ने में कमजोर इन विद्यार्थियों को छह महीने में पूरा सिलेबस कैसे कवर करवाया जाएगा। दूसरी तरफ शहर के सभी सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में 11वीं कक्षा में पढ़ने वाले वाले बच्चों की 7 सितंबर से परीक्षाएं भी शुरू हो गई है।