ग्रेजुएशन को लेकर युवाओं की सोच बदल रही है। इंजीनियरिंग, मेडिकल और कामर्स के बाद अब फिर से आर्ट्स संकाय को लेकर युवाओं का रुझान बढ़ रहा है। वीरवार को शहर के गवर्नमेंट और प्राइवेट कॉलेजों में दाखिले के रुझान को देखकर तो ऐसा ही लगता है।
कॉलेजों में बीए प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए वीरवार को पहली काउंसिलिंग हुई। कॉलेजों में 90 फीसदी से अधिक स्टूडेंट की लंबी लाइन है। इतना ही नहीं 95 फीसदी से अधिक अंक वाले स्टूडेंट भी आर्ट्स को बेहतर कैरियर के तौर पर चुन रहे हैं।
सेक्टर-32 स्थित एसडी कॉलेज में पहले दिन बीए में 80 फीसदी पर ही 700 में से 320 सीटें भर गईं। कॉलेज में 90 फीसदी से अधिक अंक पाने वाले 250 विद्यार्थियों ने दाखिले के लिए आवेदन किया था। प्रिंसिपल डॉ.भूषण कुमार शर्मा के अनुसार आर्ट्स को लेकर युवाओं में फिर से क्रेज बढ़ा है।
सेक्टर-11 जीसीजी की प्रिंसिपल प्रोफेसर अनीता कौशल ने बताया कि बीए प्रथम वर्ष में दाखिला लेने वाली पहली छात्रा याचिका के 96.2, मानसी के 95.6 और सना के 94.6 फीसदी अंक हैं। आर्ट्स में दाखिले के लिए आवेदन करने वाली 50 से अधिक छात्राओं के 90 फीसदी से अधिक अंक हैं। सेक्टर-42 जीसीजी की प्रिंसिपल मनी बेदी के अनुसार बीए प्रथम वर्ष में दाखिला लेने वाली 15 छात्राओं के 12वीं में 90 फीसदी से अधिक अंक हैं।