देश की एक यूनिवर्सिटी ने अपने हजारों छात्रों को इतना बड़ा झटका दिया है कि अब उन्हें अगले सेमेस्टर में एडमिशन नहीं मिलेगा। एमडीयू रोहतक में स्टूडेंट्स को तीसरे सेमेस्टर यानी कि द्वितीय वर्ष में दाखिले के लिए पहले सेमेस्टर के 50 फीसदी पेपरों में पास होना अनिवार्य होगा। इससे कम पेपर में पास है तो उन्हें तीसरे सेमेस्टर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। एमडीयू के इस फैसले से बड़ी संख्या में विद्यार्थी प्रभावित होंगे।
दरअसल एमडीयू में रि-अपीयर आए छात्रों के दाखिले के लिए कोई सख्त नियम नहीं था। यदि विद्यार्थी के प्रथम सेमेस्टर के सभी पेपरों में री है तो भी उसे तीसरे सेमेस्टर में प्रवेश मिल जाता था। लेकिन इस बार ऐसा नहीं होगा। रि-अपीयर के विद्यार्थियों को लेकर यूनिवर्सिटी ने बड़ा फैसला लिया है। यूनिवर्सिटी अधिकारियों का मानना है कि रि-अपीयर के विद्यार्थियों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है।
ऐसे में यह फैसला लिया गया है कि तीसरे सेमेस्टर में उन विद्यार्थियों को ही दाखिला दिया जाए, जिन्होंने प्रथम सेमेस्टर में 50 फीसदी पेपर पास किए हैं। यदि प्रथम सेमेस्टर में छह पेपर हैं तो तीसरे सेमेस्टर में आने के लिए विद्यार्थी को तीन पेपर पास करने अनिवार्य होंगे। यूनिवर्सिटी का यह फैसला सही है या फिर गलत वह तो अधिकारी ही जानते होंगे, लेकिन इस फैसले से बड़ी संख्या में रि-अपीयर के विद्यार्थी प्रभावित होंगे। ऐसे में काफी संख्या में विद्यार्थी तीसरे सेमेस्टर में दाखिला ही नहीं ले सकेंगे। इसे लेकर कॉलेजों में भी पत्र जारी कर दिया गया है।