पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़ के परिसर में एक ही सप्ताह में दो बार भाजपा व आरएसएस के कार्यक्रम कराए जाने पर आइसा ने विरोध जताया है। आइसा ने कहा कि एक ही विचारधारा के लोगों को इंग्लिश ऑडिटोरियम आवंटित किया जा रहा है। इसे लेकर उन्होंने वीसी को चिट्ठी भी लिखी है। उन्होंने कहा है कि हाल ही में भाजपा कमेटी का कार्यक्रम हुआ। उसमें कई बाहर के पदाधिकारी बुलाए गए। भीड़ जुटाई गई। उस दौरान विश्वविद्यालय खुला था।
मंगलवार को भी आरएसएस का कार्यक्रम कराया गया। यह समय भी विश्वविद्यालय के खुलने का रहा। भीड़ भी आई। इसके कारण विद्यार्थियों को दिक्कतें हुईं। उन्होंने कहा कि एक ही विचारधारा के लोगों को ऑडिटोरियम आवंटित न किए जाएं। अवकाश के दिन भी ऐसे कार्यक्रम किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं व शिक्षकों को ऑडिटोरियम कार्यक्रम के लिए देने में तमाम अड़चनें लगाई जाती हैं, लेकिन यहां नहीं होता है। ऐसे में नियम भी सभी के लिए एक बनाए जाएं।
विद्यार्थियों को जब ऑडिटोरियम चाहिए, तब इतने पेंच लगाए जाते हैं। विद्यार्थियों को पसीना बहाना पड़ता है, लेकिन राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए तुरंत ऑडिटोरियम बुक हो जाता है। जिस तेजी के साथ राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए सभागार बुक होता है, उसी तेजी से विद्यार्थियों के लिए भी बुक होना चाहिए।
- कनुप्रिया, अध्यक्ष, स्टूडेंट काउंसिल पीयू