पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस में हॉस्टल की दिक्कत दूर करने के लिए पीयू प्रशासन ने नए हॉस्टल बनाने की तैयारी शुरू कर दी है। पीयू हॉस्टल निर्माण का काम जल्द और बेहतर क्वालिटी से करवाने के लिए प्राइवेट कंपनियों से डील कर रही है।
इस बीच मंगलवार दिल्ली से आई एक कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों ने पंजाब यूनिवर्सिटी कैंपस का दौरा किया। आने वाले दिनों में कुछ ओर कंस्ट्रक्शन कंपनियां पीयू अधिकारियों को प्रजेंटेशन देंगी।
जानकारी अनुसार पीयू अधिकारियों ने कंस्ट्रक्शन कंपनी को सेक्टर-25 में बनने वाले दो नए हॉस्टल के प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी दी। गौरतलब है कि पंजाब यूनिवर्सिटी इंजीनियरिंग विभाग पर कैंपस में हुई पुरानी कंस्ट्रक्शन में घटिया क्वालिटी का सामान लगाने के लगातार आरोप लगते रहे हैं।
17 दिसंबर को हुई सीनेट बैठक में भी सीनेटर अजय रंगा सहित कई सीनेटर ने पिछले सालों में बनी बिल्डिंग की खस्ता हालत का मामला उठाया था। मामले में सीनेट में इतना हंगामा हुआ कि पीयू कुलपति ने सन् 2000 के बाद बनी सभी बिल्डिंगों की जांच के आदेश जारी कर दिए।
चार साल पहले सीनेटर डॉ. एचएस गौशल ने पीयू सीनेट में पीयू शूटिंग रेंज में प्रयोग की गई घटिया ईंटों को हाथों से तोड़ दिया था। डीएसडब्ल्यू प्रो. इमैनुअल नाहर ने कहा कि दिल्ली की कंस्ट्रक्शन कंपनी ने कैंपस का दौरा किया है, लेकिन हॉस्टल निर्माण की जिम्मेदारी किसे दी जाएगी यह नियमों के तहत होगा। कुछ ओर अच्छी कंपनियों का प्रपोजल भी देखा जा रहा है।