अगर आप भी जेबीटी कोर्स करने की सोच रहे हैं तो ये खबर आपके बड़े काम की है। कुछ नियमों में बोर्ड की तरफ से बदलाव किए गए हैं। डीएड (जेबीटी टीचर) कोर्स में अब दो सालों के दौरान पहले साल चार हफ्ते और दूसरे साल में 16 हफ्ते की इंटर्नशिप करवाई जाएगी।
जानकारी मुताबिक इससे पहले दो साल का कोर्स करने के बाद 180 दिन की इंटर्नशिप करनी पड़ती थी। जिसका लगातार विरोध होता रहा था। अब इस संबंध में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से पत्र क्रमांक:5205-08/शैक्षिक:08/05/17 सभी संबंधित डाइट्स और शिक्षण कालेजों को जारी कर दिया गया है।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के इस संबंध में गत आठ मई को जारी पत्र में बताया गया है कि डीएड कोर्स की अवधि को दो साल कर दिया गया है। इन दो सालों के दौरान प्रथम वर्ष चार सप्ताह व दूसरे वर्ष में 16 सप्ताह की इंटर्नशिप करवाई जानी है।
पत्र में यह भी बताया गया है कि 2014-16 व आगामी सत्रों से डीएड कोर्स का तीसरा अतिरिक्त साल जो पूर्व में इंटर्नशिप के रूप में लागू किया गया था, को सरकार के मीमो क्रमांक- 3/7-2016 डाईट (3) की अनुपालना में समाप्त कर दिया गया है।
वहीं, डीएड कोर्स अब सेमेस्टर की बजाय वार्षिक प्रणाली में शुरू कर दिया गया है। जुलाई 2017 में प्रथम साल की परीक्षा भी इस आधार पर ली जाएगी।