लंबे समय से आर्थिक तंगी से गुजर रही पंजाब यूनिवर्सिटी को मंगलवार को काफी राहत मिली। जानकारी के अनुसार यूनिवर्सिटी ग्रांट कमीशन (यूजीसी) ने 50 करोड़ की ग्रांट जारी करने की अनुमति दे दी है। इस संबंध में पीयू कुलपति को भी जानकारी मिल गई है। बुधवार तक ग्रांट का पैसा पीयू के खाते में आ जाएगा।
पीयू प्रशासन को कर्मचारियों और प्रोफेसर का वेतन देने में भी मुश्किल हो रही थी। ग्रांट जारी करवाने के लिए पीयू कुलपति प्रो. अरुण कुमार ग्रोवर और वरिष्ठ सीनेटर सत्यपाल जैन पिछले हफ्ते ही एमएचआरडी मंत्री प्रकाश जावड़ेकर से मिले थे। उन्होंने इस हफ्ते ग्रांट जारी करने का आश्वासन दिया था। केंद्र सरकार की ओर से लगातार पंजाब यूनिवर्सिटी के बजट में कटौती की जा रही है। पीयू की हाल ही में सिंडीकेट मीटिंग में भी रिवाइज 507 करोड़ का बजट पास किया गया है, जबकि पहले बजट 517 करोड़ प्रस्तावित किया गया था।