केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की तरफ से आयोजित होने वाली दसवीं कक्षा की हिंदी की परीक्षा में तीन हफ्ते बचे हैं। अंतिम दिनों में हिंदी के पेपर की तैयारी के लिए हमने कुछ विषय विशेषज्ञों से बातचीत की कि कैसे विद्यार्थी कम समय में खुद अच्छे से परीक्षा की तैयार कर सकते हैं। विशेषज्ञों ने कुछ महत्वपूर्ण टिप्स छात्रों के लिए दिए हैं।
कम से कम 4-5 प्रश्नपत्र करें हल
1. हिंदी के पेपर में अच्छे अंक लाने के लिए ज्यादा से ज्यादा लिखने की प्रैक्टिस करें। इससे स्पीड के साथ आत्मविश्वास बढ़ेगा
2. 20 तारीख का टारगेट रखें और कम से कम 4-5 प्रश्नपत्र हल करें और अपने शिक्षक से जांच करवाएं
3. प्रश्नपत्र में हुई गलतियों को नोट कर उनको सुधारें, इसके लिए आप वो उत्तर दोबारा भी लिख सकते हैं
4. अगर आप हिंदी के पेपर को हल करने के लिए तीन घंटे नहीं निकाल सकते हैं तो अपने प्र्रश्नपत्र को चार भागों में बांटकर हल करें।
5. प्रश्नपत्र को हल करते समय टाइमर लगाएं और समय-सीमा के अंदर या उससे पहले खत्म करने का प्रयास करें।
हर चैप्टर के बनाएं शॉर्ट नोट्स
1. अंतिम समय में प्रश्न-उत्तर रटने में समय व्यर्थ न करें।
2. हिंदी की दोनों किताबों ‘संचयन’ और ‘स्पर्श’ को 20 फरवरी से पहले तक खत्म करने की कोशिश करें।
3. पाठ ध्यानपूर्वक पढ़ें। पाठ पढ़ते समय शार्ट नोट्स बनाएं। नोट्स में लेखक, पाठ का नाम, कवि का नाम, पात्रों का नाम, महत्वपूर्ण घटनाएं, पाठ का सार इत्यादि जरूर शामिल करें।
4. पाठ पढ़ते समय उसमें व्याकरण जैसे- समास, विशेषण, मुहावरे और लोकोक्तियां को अंडरलाइन करें और समझें। इसे पेपर के ‘घ’ भाग लेखन में शामिल करने की कोशिश करें। इससे पाठ के साथ व्याकरण और लेखन भाग की भी तैयारी हो जाएगी।
5. पाठ पढ़ने के बाद उसमें से खुद प्रश्न बनाने की कोशिश करें। इससे आपको पाठ के प्रश्नों को रटने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे साथ ही ‘अपठित अंश’ की भी तैयारी हो जाएगी।
विद्यार्थी पाठ को अच्छे से पढ़ें और रात को सोते समय एक बार दिमाग में उसके पात्र, लेखक और महत्वपूर्ण घटनाओं को याद करें। विज्ञान और गणित के विषयों के बीच हिंदी के पाठ पढ़ने के लिए समय निकालें। जिससे थोड़ा आराम भी मिलेगा और हिंदी की रिविजन भी हो जाएगी।
- अमनदीप कौर, हिंदी, जीएमएसएसएस-20
विद्यार्थी ज्यादा से पेपर लिखें और अपनी गलतियों को चिह्नित कर उनको सुधारें। पाठ व्याकरण को ध्यान में रखते हुए पढ़ें और साथ में शॉर्ट नोट्स बनाते जाएं। इससे पेपर से पहले रिविजन के समय पूरी किताब पढ़ने की जरूरत नहीं पढ़ेगी।
- डॉ. अरविंदबाला , हिंदी, जीएमएसएसएस-18