हरियाणा के सरकारी स्कूलों में नौवीं से बारहवीं कक्षा तक अध्ययनरत छात्र अब फीस के साथ ही हर तरह के फंड भी आनलाइन जमा कराएंगे। साथ ही स्कूल मुखिया को फंड अन्य खाते में ट्रांसफर करने के लिए भी कैशलेस प्रणाली का इस्तेमाल करना होगा।
स्कूल शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा, मौलिक शिक्षा अधिकारियों, एससीईआरटी के निदेशक और डाइट के प्राचार्यों को इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए गए हैं। स्कूल शिक्षा विभाग ने छात्रों के लिए फंड व फीस भी निर्धारित कर दी है।
छात्रों की ओर से फीस, फंड और स्कूल शिक्षा बोर्ड की परीक्षा फीस भरने के लिए चाइल्ड वेलफेयर फंड अकाउंट खोल दिया गया है। छात्र और उनके अभिभावक इसी खाते में सारा लेनदेन करेंगे।
डेबिट-क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल करने की सलाह
कैशलेस
- फोटो : social media
कैशलेस लेनदेन के लिए नेट बैकिंग, डेबिट-क्रेडिट कार्ड, ई-वॉलेट, यूपीआई, आरटीजीएस इत्यादि सुविधाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। आनलाइन लेनदेन का रिकार्ड स्कूल मुखिया को अलग कैशबुक में रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नौवीं व दसवीं के छात्रों को कंट्रीब्यूट्री चाइल्ड वेलफेयर फंड में प्रति माह 25 रुपये, रेडक्रास फंड में 45 रुपये प्रतिवर्ष व चाइल्ड वेलफेयर फंड में 24 रुपये प्रतिवर्ष जमा कराने होंगे।
इसी तरह 11वीं व 12वीं कला संकाय केछात्र कंट्रीब्यूट्री चाइल्ड वेलफेयर फंड में प्रति माह 50 रुपये, रेडक्रास फंड में 45 रुपये प्रतिवर्ष, चाइल्ड वेलफेयर फंड में 24 रुपये प्रतिवर्ष, 11वीं व 12वीं कामर्स के छात्र कंट्रीब्यूट्री चाइल्ड वेलफेयर फंड में 60 रुपये प्रतिमाह, 45 रुपये प्रतिवर्ष, चाइल्ड वेलफेयर फंड में में 24 रुपये प्रतिवर्ष और 11वीं व 12वीं विज्ञान संकाय के छात्र कंट्रीब्यूट्री चाइल्ड वेलफेयर फंड में 75 रुपये प्रतिमाह, रेडक्रास फंड में 45 रुपये प्रतिवर्ष, चाइल्ड वेलफेयर फंड में 24 रुपये प्रतिवर्ष जमा कराएंगे।
नौवीं व दसवीं के छात्रों को सालाना पांच रुपये और 11वीं एवं 12वीं के छात्रों को 20 रुपये सालाना दाखिला फीस चुकानी होगी।