नए शिक्षा सत्र में सेंट्रल यूनिवर्सिटी में मनुस्मृति, गीता के श्लोक, यजुर्वेद, सत्यार्थ प्रकाश भी पढ़ाया जाएगा। धर्म शास्त्र के पेपर में इन विषयों को शामिल किया गया है। धर्मशास्त्र का पेपर अगले सत्र से शुरू होने वाले मास्टर इन संस्कृत में शुरू किया जाएगा। एमए के दोनों वर्ष में यह पेपर शामिल किया जाएगा। यूनिवर्सिटी में नए सत्र से शुरू होने वाले डिपार्टमेंट ऑफ संस्कृत एंड योगा शुरू होगा।
हरियाणा की एकमात्र सेंट्रल यूनिवर्सिटी 2019-20 के शिक्षा सत्र में एमए इन संस्कृत कोर्स को शुरू करेगी। यूनिवर्सिटी की शैक्षणिक परिषद यानी एसी ने इस बारे में प्रस्ताव पारित कर दिया है। अगले सप्ताह कार्यकारी परिषद यानी ईसी की मीटिंग में इसे मंजूरी दी जाएगी। जिसके बाद यूजीसी से अनुमति लेकर शुरू कर दिया जाएगा। अगले तीन से चार महीने में यह प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद है। जिसके बाद मई-जून से शुरू होने वाले नए सत्र में इसे शुरू किया जाएगा। जिसमें 30 से 50 सीट रखी जाएंगी।
अन्य सभी यूनिवर्सिटी में एमए संस्कृत में फर्स्ट तथा सेकेंड ईयर में चार-चार पेपर होते हैं। सेंट्रल यूनिवर्सिटी में शुरू किए जाने वाले एमए संस्कृत के कोर्स में दोनों वर्ष में पांच-पांच पेपर होंगे। यह पांचवां पेपर ही इस कोर्स की विशेषता होगा। पांचवां पेपर धर्मशास्त्र का होगा। यूनिवर्सिटी में नए शुरू किए जा रहे डिपार्टमेंट ऑफ संस्कृत एंड योगा में नए सत्र में योगा का डिप्लोमा कोर्स भी शुरू किया जाएगा। योगा का डिप्लोमा कोर्स एक साल का होगा। जिसके लिए पाठ्यक्रम तैयार किया जा रहा है। इसे भी नए सत्र से शुरू करने की योजना है।