पंजाब यूनिवर्सिटी स्टूडेंट काउंसिल ने सोमवार देर शाम पीयू के गर्ल्स हॉस्टल्स के बाहर डे-नाइट प्रोटेस्ट शुरू कर दिया है। यह प्रोटेस्ट रातभर चला। पदाधिकारियों ने कहा कि लड़कियों के हॉस्टल 24 घंटे खुलने चाहिए। इसके अलावा उन्होंने पोस्टर के जरिये भी संदेश लिखकर कई मांगें कीं। गर्ल्स हॉस्टल नंबर-4 व 5 के बाहर सभी पदाधिकारी व स्टूडेंट एकत्रित हुए।
उन्होंने पीयू प्रशासन के समक्ष अपनी कई मांगें रखीं। इनमें गर्ल्स हॉस्टल की लंबे समय से की जा रही मांग को पूरी करना, दाखिला देने की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना, 50 फीसदी हॉस्टल में अटेंडेंट होना जरूरी, कैटीन-मेस व स्टूडेंट सेंटर पर खुली शॉप में सभी आइटम्स के रेट लगाना, इसकी सूची स्टूडेंट्स को दिखाना, बीएमएस व यूबीएस की कैंटीन हर हालत में खोलना आदि शामिल हैं।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि स्टूडेंट की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वह उग्र आंदोलन करेंगे। देर रात तक धरना-प्रदर्शन चलता रहा। वहीं पीयू प्रशासन ने भी स्टूडेंट्स को संदेश भिजवाया कि वह धरना खत्म कर दें, उनकी मांगों पर विचार किया जाएगा, लेकिन स्टूडेंट्स ने कहा कि सिटिंग धरना है यह चलता रहेगा।
सीनेट में आएगा बीडीएस फीस का प्रस्ताव
बीडीएस के स्टूडेंट्स की फीस का मामला 3 नवंबर को होने जा रही सीनेट की बैठक में रखा जाएगा। स्टूडेंट लीडर हरमन ने बताया कि 11 नवंबर तक स्टूडेंट्स फीस जमा कर सकेंगे। अब तक 29 अक्तूबर आखिरी तिथि थी। उन्होंने कहा कि इससे स्टूडेंट्स को राहत मिलेगी।