मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने यूजीसी की कुहार कमेटी की सिफारिशों के आधार पर बुधवार को विश्वविद्यालयों की परीक्षाओं और शैक्षणिक सत्र के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए। इसके तहत अंतिम सेमेस्टर के छात्रों की परीक्षाएं जुलाई में होंगी। ये परीक्षाएं तीन के बजाय दो घंटे की होंगी और इसकी सूचना एक सप्ताह पहले देनी होगी। वहीं, विश्वविद्यालयों में नए छात्रों के लिए सितंबर और पुराने छात्रों के लिए शैक्षणिक सत्र अगस्त से शुरू होगा।
मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा, संस्थानों को कोविड-19 की सेफ्टी गाइडलाइन और सामाजिक दूरी का पूरा पालन करना होगा। दिशा-निर्देशों के अनुसार पहले और दूसरे वर्ष के छात्रों को पूर्व सेमेस्टर के 50 फीसदी अंक और आंतरिक मूल्यांकन के 50 फीसदी अंक के आधार पर ग्रेड मिलेंगे, लेकिन जिन शहरों में हालात ठीक हैं, वहां पहले और दूसरे वर्ष के छात्रों की परीक्षाएं भी जुलाई में होंगी।
विश्वविद्यालयों को पांच के बजाय सप्ताह में छह दिन का पैटर्न अपनाना होगा और लॉकडाउन के दौरान छात्रों व उसके शिक्षकों की यात्रा और उनके निवास का ब्योरा रखना होगा। लॉकडाउन के दौरान सभी छात्रों व शोध छात्रों की हाजिरी उपस्थित मानी जाएगी। वर्तमान सत्र के लिए कैरी फॉर्वर्ड (ऐसे विषय जिसमें छात्र फेल हों) योजना को मंजूरी मिलेगी। ऐसे छात्रों को अगली कक्षा में प्रमोट किया जाएगा।
मंत्रालय ने साफ किया कि दिशा-निर्देश सुझाव मात्र हैं। विश्वविद्यालय अपने-अपने जिलों में कोरोना संकट की समीक्षा के आधार पर फैसला लें। विश्वविद्यालयों को कोविड-19 सेल बनाने होंगे। जिनमें छात्रों की समस्याओं का निदान, परीक्षा समेत विभिन्न दिक्कतों का समाधान किया जाएगा।
अब ऐसा होगा पूरा सत्र
शैक्षणिक सत्र में एक जून से 15 जून तक इंटर्नशिप रिपोर्ट, प्लेसमेंट ड्राइव, मूल्यांकन, इंटरनल असाइनमेंट आदि पूरा किया जाएगा। एक जून से 30 जून तक गर्मियों की छुट्टियां रहेंगी। आखिरी वर्ष या सेमेस्टर की परीक्षा एक से 15 जुलाई तक चलेंगी और रिजल्ट 31 जुलाई को आएगा। जबकि पहले और दूसरे वर्ष की परीक्षा 16 जुलाई से 31 जुलाई तक और रिजल्ट 14 अगस्त को जारी होगा।
सभी विश्वविद्यालय सत्र 2020-21 के लिए 1 से 31 अगस्त तक दाखिला प्रक्रिया पूरी करेंगे और 30 सितंबर तक प्रवेश परीक्षा से विभिन्न डिग्री प्रोग्राम में दाखिले से संबंधित सभी दस्तावेजों की जांच कर सीट अलॉट की जाएगी। दूसरे और तीसरे वर्ष का नया सत्र एक अगस्त और पहले वर्ष या नए छात्रों का सत्र एक सितंबर से शुरू होगा। दिसंबर या ऑड सेमेस्टर की परीक्षा 1 से 25 जनवरी 2021 के बीच होंगी।
इवेन सेमेस्टर 27 जनवरी से शुरू होकर 25 मई तक चलेगा। 2020-21 सत्र की वार्षिक परीक्षा 26 मई से 25 जून 2021 तक होंगी। एक जुलाई से 30 जुलाई 2021 तक गर्मियों की छुट्टियां रहेंगी। जबकि 2 अगस्त 2021 से शैक्षणिक सत्र 2021-22 शुरू होगा।
एमफिल, पीएचडी में छह महीने का विस्तार
यूजीसी ने एमफिल और पीएचडी के छात्रों को छह महीने का विस्तार देने का फैसला किया है। इनका वाइवा वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये होगा।
25 फीसदी पढ़ाई ऑनलाइन हो
मंत्रालय ने कहा, 75 फीसदी पाठ्यक्रम कक्षा में पढ़ाया जाए और बाकी 25 फीसदी ऑनलाइन पढ़ाई हो। इसके लिए शिक्षकों को तकनीक से जुड़ना होगा। ऑनलाइन पाठ्यक्रम शनिवार या रविवार को घर बैठे ऑनलाइन क्लास में पूरा करना होगा। इसके लिए शिक्षकों को वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़ना सिखाया जाएगा।