चंडीगढ़ के पांच गवर्नमेंट कॉलेज और सेक्टर-32 स्थित रीजनल इंस्टीट्यूट ऑफ इंग्लिश (आरआईई) में ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन कोर्स में आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस साल सभी गवर्नमेंट कॉलेजों में ऑनलाइन आवेदन ही लिए जाएंगे। स्टूडेंट की मदद के लिए डायरेक्टर हायर एजुकेशन ने पांच कालेजों में वीरवार से हेल्पडेस्क तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
सभी कॉलेज की कंप्यूटर लैब में हेल्प डेस्क बनाए जाएंगे। इन लैबों में एक साथ 20 से 25 स्टूडेंट निशुल्क ऑनलाइन आवेदन भर सकेंगे। सभी कॉलेजों में कंप्यूटर विभाग के टीचर्स और कुछ स्टूडेंट की ड्यूटी लगाई गई है। वीरवार सुबह 9 से दोपहर 1.30 बजे तक कोई भी स्टूडेंट जीसी-11, जीसीजी-11,जीसीजी-42,जीसी-46 और गवर्नमेंट कॉमर्स कॉलेज सेक्टर-50 में हेल्पडेस्क पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आज जारी होंगे हेल्पलाइन नंबर
शहर के गवर्नमेंट कॉलेजों में दाखिले के लिए देशभर से स्टूडेंट आवेदन करते हैं। विद्यार्थियों की मदद के लिए पांच गवर्नमेंट कॉलेजों में हेल्पलाइन (मोबाइल) नंबर शुरू किए जाएंगे। वीरवार को सभी कॉलेज हेल्पलाइन नंबर जारी कर देंगे।
आवेदन के लिए जरूरी डॉक्यूमेंट
-ऑनलाइन आवेदन फार्म में पूरी जानकारी सही देनी होगी।
-10वीं और 12वीं सर्टिफिकेट के रोल नंबर और फोटो कॉपी।
-सिग्नेचर, स्टूडेंट की फोटो और परिवार की ग्रुप फोटो पैन ड्राइव या
ई-मेल पर होनी चाहिए।
- 9 से 1 बजे के बीच में ही कॉलेजों में फार्म भरने की सुविधा होगी।
-स्टूडेंट अपने प्रमाण पत्रों को सावधानी से रखें।
-ऑनलाइन आवेदन में बैंक अकाउंट,आधार कार्ड जैसी जानकारी भी देनी होगी।
गवर्नमेंट कॉलेजों में ऑनलाइन आवेदन स्टूडेंट्स की सुविधा के लिए शुरू किया गया है। प्रथम सेमेस्टर में एक बार स्टूडेंट की पूरी जानकारी मिलने के बाद उसे भविष्य में भी प्रयोग में लाया जा सकेगा। सभी गवर्नमेंट कॉलेज की कंप्यूटर लैब में स्टूडेंट बिना किसी चार्ज ऑनलाइन फार्म भर सकेंगे।
- जितेंद्र यादव, डायरेक्टर हायर एजुकेशन चंडीगढ़