पंजाब यूनिवर्सिटी की सिंडिकेट मीटिंग काफी हंगामेदार रही। डीन स्टूडेंट वेलफेयर (डीएसडब्ल्यू) को लेकर मीटिंग में काफी बहसबाजी हुई। डीएसडब्ल्यू (मेन) प्रो. इमैनुएल नाहर और डीएसडब्ल्यू (वुमेन) प्रो. नीना कपलाश और एसोसिएट डीएसडब्ल्यू प्रो. रंजन कुमार के कार्यकाल को बढ़ाने को लेकर काफी माहौल काफी गर्माया।
सिंडिकेट के सदस्यों ने तीनों नामों के प्रस्तावों पर मंजूरी दे दी, लेकिन पीयू के वीसी प्रो. राजकुमार अड़ गए। उन्होंने इन नामों पर असहमति जताई। मंगलवार को हुई सिंडिकेट मीटिंग में कुल 24 एजेंडों पर चर्चा की गई। लंबी चली बहस के बाद तीनों नामों को मंजूरी देने के बाद आखिरी फैसले के लिए प्रस्ताव को सीनेट के पास भेज दिया गया।
हालांकि प्रस्ताव के साथ पीयू के वीसी ने लिखा कि वह सिंडिकेट के फैसले से संतुष्ट नहीं हैं। डीएसडब्ल्यू के नामों पर सिंडिकेट सदस्यों की राय अलग-अलग हो गई है। वीसी ने 31 मई तक इन पदों पर प्रस्तावित नाम देने की भी बात कही। गौरतलब है कि प्रो. इमैनुएल नाहर डीएसडब्ल्यू के पद पर पिछले तीन साल से एक्टेंशन पर हैं।
अगले साल वह रिटायर भी होने वाले हैं। वहीं, सूत्रों के अनुसार लॉ विभाग के प्रो. देवेंद्र सिंह का नाम नए डीएसडब्ल्यू के लिए प्रस्तावित किया जा सकता है।