पंजाब यूनिवर्सिटी(पीयू) ने विदेशी स्टूडेंट और एनआरई के लिए 10 फीसदी अतिरिक्त सीटें ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट कोर्स में निर्धारित कर दी हैं। 2016-17 सत्र में दाखिले के लिए विदेशी स्टूडेंट को 30 जून तक आवेदन करना होगा। इस साल अभी तक लॉ, डेंटल और अन्य कोर्स में 50 से अधिक आवेदन जमा हुए हैं। एनआरआई स्टूडेंट को आवेदन फार्म और संबंधित प्रमाण पत्र की स्कैन कॉपी ईमेल dis@pu.ac.in.पर भेजनी होगी।
पीयू के विभिन्न विभागों में इस साल ईरान, इराक, अफगानिस्तान और यमन जैसे देशों के स्टूडेंट ने आवेदन किया है। पीयू डीन (इंटरनेशनल स्टूडेंट) प्रो.दीप्ती गुप्ता ने बताया कि पीएचडी कोर्स के लिए विदेशी स्टूडेंट साल भर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि 2015 में पीयू कैंपस में 205 और एफिलिएटेड कॉलेजों में 292 इंटरनेशनल स्टूडेंट ने दाखिला लिया था।
एनआरआई सीटों पर दाखिले के लिए स्टूडेंट को डीन इंटरनेशनल स्टूडेंट ऑफिस (पीयू स्टूडेंट सेंटर) पर आवेदन करना होगा। योग्यता पूरी होने पर दाखिला का आवेदन फार्म भर सकेंगे। विदेशी स्टूडेंट के दाखिले के लिए पीयू ने सिंगल विंडो सिस्टम में दो दिन का समय तय किया है।