चंडीगढ़ शिक्षा विभाग ने ईडब्ल्यूएस (आर्थिक पिछड़ा वर्ग) व डीजी (वंचित वर्ग) कैटेगरी के छात्रों के एडमिशन के लिए अंतिम तारीख बढ़ा दी है। तारीख को 18 जनवरी से बढ़ाकर 25 जनवरी कर दिया है। चंडीगढ़ पेरेंट्स एसोसिएशन की मांग को ध्यान में रखते हुए यह तारीख आगे बढ़ाई गई है।
बता दें कि चंडीगढ़ पेरेंट्स एसोसिएशन के प्रेसीडेंट नितिन गोयल ने डायरेक्टर ऑफ स्कूल एजुकेशन को लेटर लिखा था कि ईडब्ल्यूएस कोटे के तहत दाखिला लेने वाले छात्रों के लिए आय प्रमाण पत्र जरूरी है लेकिन बहुत सारे अभिभावकों के आय प्रमाण पत्र पटवारियों व संबंधित विभाग के पास लंबित पड़े हैं।
उन पर तरह-तरह की आपत्तियां लगाई गई हैं जिन्हें पूरा करने में समय लग सकता है। इसकी वजह से ज्यादातर आवेदक 18 जनवरी तक आय प्रमाण पत्र देने में असमर्थ हैं। ऐसे में उन्होंने ईडब्ल्यूएस व डीजी कैटेगरी के छात्रों के एडमिशन की डेट बढ़ाने की मांग की थी। जो शिक्षा विभाग द्वारा मंजूर कर ली गई।