पंजाब यूनिवर्सिटी(पीयू) स्थित ईवनिंग डिपार्टमेंट और शहर के 11 कॉलेजों में बीकॉम प्रथम वर्ष में 2310 की जगह अब 2380 सीटों पर दाखिला होगा। पीयू प्रशासन ने वेबसाइट पर सीटों की गलत जानकारी को शनिवार ठीक कर लिया है।
अमर उजाला ने 3 जून के अंक में पीयू प्रशासन द्वारा बीकॉम की गलत सीटों के बारे में खबर भी प्रकाशित की थी। मामले की जानकारी के बाद काउंसिलिंग कमेटी के हेड प्रो.संजय कौशिक ने कॉलेजों से उनकी सीटों के बारे में लिखित में जानकारी मांगी थी। जिसके बाद वेबसाइट पर गलती को सुधार लिया गया है।
बीकॉम की सीटों में 70 सीटों का इजाफा हो गया है। पीयू प्रशासन ने बीकॉम ऑनलाइन दाखिले के लिए बनाई वेबसाइट पर डीएवी कॉलेज की सीटों को 280 से 350 कर दिया है। इस फैसले से अब युवाओं को 70 अधिक सीटों पर दाखिला मिल सकेगा।