चंडीगढ़ में 11वीं कक्षा में दाखिले के लिए 16,137 विद्यार्थी चंडीगढ़ शिक्षा विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपना रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। 24 मई तक इनमें से 12 हजार 920 विद्यार्थी फीस भी जमा करा चुके हैं। ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की यह प्रक्रिया 7 जून को शाम 5 बजे तक चलनी है।
ऐसे में विभाग को इस बार उम्मीद है कि रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा 25 हजार से ज्यादा होगा। शहर में 40 सीनियर सेकेंडरी स्कूल हैं, जिसमें 11065 सीटों के लिए एडमिशन होना है। इनमें साइंस, कॉमर्स, आर्ट्स और वोकेशनल स्ट्रीम मौजूद हैं। यह पहली बार है, जब एडमिशन के लिए विभाग के पास इतने ज्यादा आवेदन आ रहे हैं।
मदद के लिए इन नंबरों पर करें कॉल
शिक्षा विभाग ने एडमिशन का कार्य नेशनल इंस्टीट्यूशन ऑफ इलेक्ट्रोनिक एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (नाइलेट) को दिया है, जिन्होंने स्टूडेंट्स की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं। 0172-2650121, 1800116511, 8264098110 इन नंबरों पर स्टूडेंट्स सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक कॉल करके जानकारी ले सकते हैं। इस हेल्पलाइन में स्टूडेंट्स को एडमिशन में इस्तेमाल होने वाले डॉक्यूमेंट्स की भी जानकारी दी जा रही है।