चंडीगढ़। कैडी से गोल्फर बने संजू कड़ी मेहनत के जरिए लगातार टूर्नामेंट को जीतने में कामयाबी हासिल कर रहे हैं। इसी हफ्ते की शुरुआत में छत्तीसगढ़ के रायपुर में गोल्फ फेडरेशन ऑफ इंडिया की और से नेशनल गोल्फ चैंपियनशिप को जीतने में कामयाबी हासिल की। संजू ने इस टूर्नामेंट में दोहरा खिताब हासिल किया। पहले टीम इवेंट और इसके बाद एकल वर्ग में खिताब जीता।
सकेतड़ी में रहने वाले संजू की संघर्ष किसी फिल्मी कहानी की तरह है। घर की माली हालत बिल्कुल ठीक नहीं थी, इसलिए संजू ने 13 वर्ष की उम्र में चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में बतौर कैडी काम करना शुरू कर दिया। एक साल तक कैडी का काम किया और इसी दौरान गोल्फर्स की स्टिक से गोल्फ के गुर सीख लिए। गोल्फर्स ने संजू की प्रतिभा को देखा और उसे प्रमोट किया। शानदार खेल के दम पर संजू ने दो-तीन वर्षों में गोल्फ में अपना नाम बनाया और बतौर प्रोफेशनल गोल्फर खेलने लगे। उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए दुबई के बिजनेसमैन हसन मैजी और मेहर बाबा चैरिटेबल ट्रस्ट के एएस चट्ठा ने मदद का हाथ बढ़ाया और उन्हें स्पॉन्सर किया। गोल्फ में तेजी से नाम कमाने वाले संजू कुमार को स्पोर्ट्स कोटे में रेलवे में बतौर जूनियर क्लर्क की नौकरी मिली है। अभी वह पटियाला में तैनात हैं।
हालातों को ताकत बनाकर गोल्फ की दुनिया में अलग पहचान बनाई
चंडीगढ़ गोल्फ क्लब चंडीगढ़ में 300 के करीब कैडी हैं। इन कैडियों में संजू ऐसे कैडी रहे जिन्होंने हालातों को अपनी ताकत बनाकर गोल्फ की दुनिया में अलग पहचान बनाई। संजू की उम्र चाहे छोटी हो, लेकिन उनका संघर्ष और उनकी उपलब्धियों की फेहरिस्त काफी लंबी है। उन्होंने डेराबस्सी गोल्फ टूर्नामेंट, दिल्ली आईटीसी गोल्फ टूर्नामेंट, लुधियाना गोल्फ कोर्स टूर्नामेंट, लखनऊ गोल्फ कोर्स टूर्नामेंट, फॉरेस्ट हिल गोल्फ टूर्नामेंट, पंचकूला गोल्फ टूर्नामेंट और चंडीगढ़ गोल्फ टूर्नामेंट जीते। इसके अलावा कई टूर्नामेंट में वह रनरअप या थर्ड पोजीशन पर रहे। पिछले वर्ष जयपुर में आयोजित नेशनल एमच्योर गोल्फ टूर्नामेंट में संजू ने चौथा स्थान हासिल किया। वहीं, इसी महीने संजू ने चंडीगढ़ गोल्फ क्लब द्वारा कैडीज गोल्फ टूर्नामेंट को भी जीता।