पंजाब सरकार ने मंगलवार को आय बढ़ाने के मकसद से सेल डीड (बिक्री कागजातों) से संबंधित विभिन्न दस्तावेजों की रजिस्ट्रेशन फीस दोगुनी कर दी है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया। इसके तहत अचल संपत्ति की लीज के अलावा सभी अनिवार्य पंजीकृत दस्तावेजों की फीस 200 से बढ़ाकर 400 रुपये कर दी है। वहीं वसीयत रजिस्ट्रेशन की फीस 2000 से बढ़कर 4000 रुपये की गई है।
इनकी बढ़ी फीस
- गैर वसीयतनामे वाले दस्तावेजों के रजिस्ट्रेशन के अधीन लीज दस्तावेजों को छोड़कर अन्य सभी वैकल्पिक दस्तावेजों की रजिस्ट्रेशन फीस जो कि अभी 200 रुपये है, बढ़कर 400 रुपये हो जाएगी।
- अडॉप्शन के अधिकार की फीस 500 से बढ़कर 1000 रुपये होगी।
- स्पेशल पावर आफ अटार्नी की रजिस्ट्रेशन फीस 50 से बढ़कर 100 रुपये, जनरल पावर आफ अटार्नी की फीस 200 रुपये से बढ़कर 400 रुपये, अडॉप्शन डीड की रजिस्ट्रेशन की फीस 2000 रुपये से बढ़कर 4000 रुपये हो जाएगी।
- ट्रस्ट डीड की रजिस्ट्रेशन फीस जो कि अब तक स्टांप ड्यूटी की कीमत की आधी राशि थी, अब स्टांप ड्यूटी की राशि के बराबर हो जाएगी। यह अब तक न्यूनतम 50 रुपये थी लेकिन अब न्यूनतम 100 रुपये होगी।
- धारा 57 के तहत निरीक्षण या खोज के मामलों में, किसी एक और एक ही संपत्ति के संबंध में प्रविष्टियों या दस्तावेजों की किसी भी संख्या के निरीक्षण के लिए जनरल सर्च या एक और एक ही व्यक्ति के पक्ष में या उसके द्वारा निष्पादन के मामले में, पहले साल की फीस 20 रुपये की बजाए 40 रुपये, उसके बाद प्रत्येक नए साल के लिए फीस 10 रुपये की बजाए 20 रुपये होगी। ऐसे मामलों में अधिकतम फीस अब 500 रुपये की बजाए 1000 रुपये होगी।
- विवेकाधीन पंजीकरण के मामलों में जिले के रजिस्ट्रार की फीस 10 की बजाए 20 रुपये होगी। कमीशन जारी करने और निजी निवास पर उपस्थित होने के लिए फीस में बदलाव किया गया है।
- इस मामले में, बीमारी या दुर्बलता के लिए संतोषजनक प्रमाण पत्र जारी किए जाने की फीस 14 की बजाए 30 रुपये होगी। ट्रांसलेशन की फाइलिंग की फीस अब 2 की बजाए 4 रुपये होगी।
- सीलबंद वसीयत को जमा करने, निकालने और खोलने के मामले में फीस 2000 रुपये की बजाए अब 4000 रुपये होगी।
- जनरल पावर आफ अटार्नी के मामले में अटॉर्नी की शक्ति के प्रमाणीकरण की फीस 5 की बजाए 10 रुपये और स्पेशल पावर आफ अटार्नी के मामले में ढाई रुपये के बजाए 5 रुपये होगी।
फोटोकॉपी फीस भी बढ़ाई
पंजीकरण से पहले या बाद में कारणों, प्रविष्टियों या दस्तावेजों (अंग्रेजी, उर्दू, पंजाबी या हिंदी में) की फोटोकॉपी (प्रतियां) बनाने या देने के लिए की फीस भी बढ़ाई गई है। इसके तहत अगर पेज 5 से ज्यादा न हों और 20 साल से अधिक पुराने न हों तो फीस अब 200 की बजाए 400 रुपये होगी। इसी तरह 5 पेजों से अधिक हर पेज के लिए फीस 15 की बजाए 30 रुपये होगी।
पेजों की संख्या पांच हो और बीस वर्ष से अधिक पुराने हों तो फीस 50 की बजाए 100 रुपये होगी। इसी तरह 5 से अधिक हर पेज के लिए फीस 20 की बजाए 40 रुपये हो जाएगी। यहां पेस्टिंग फीस अब 100 की बजाए 200 रुपये ली जाएगी।