विधानसभा चुनाव में गुम हुई उपचुनाव की गूंज
- फोटो : File Photo
चार फरवरी को अमृतसर के लोकसभा के उपचुनाव की गूंज विधानसभा चुनाव के बीच गुम हो गई है। जिले के लोकसभा चुनाव में प्रत्याशी गुरजीत सिंह औजला (कांग्रेस), राजिंदर मोहन सिंह छीना (भाजपा-शिअद) और उपकार सिंह संधू (आप) के बीच है। पहली नजर में यह मुकाबला कांग्रेस और शिअद-भाजपा के संयुक्त उम्मीदवार के बीच है। हालांकि जीत-हार के अंतर पर आप के उम्मीदवार भी खास असर करते दिख रहे हैं।
कांग्रेस के गुरजीत सिंह औजला युवा नेता हैं। पहला चुनाव ही सीधे एमपी का लड़ रहे हैं। राहुल गांधी के खास हैं। युवा वर्ग के साथ-साथ नवजोत सिंह सिद्धू के कांग्रेस में आने से औजला खुद को काफी मजबूत मान रहे हैं। भाजपा-शिअद के प्रत्याशी राजिंदर मोहन सिंह छीना के लिए दिल्ली से भाजपा नेता भी आकर मंच सांझा कर चुके हैं।
राजिंदर मोहन सिंह छीना का दावा है कि वो डेढ़ लाख वोटों से जीतेंगे। जबकि गुरजीत सिंह औजला का भी दावा है कि वो डेढ़ लाख वोटों से सीट जीतेंगे। आप के उम्मीदवार उपकार सिंह संधू पहले शिअद में थे, फिर कांग्रेस में गए और उसके बाद आम आदमी पार्टी में। उपकार सिंह संधू कहते हैं कि चार फरवरी को आम आदमी पार्टी जीतेगी।