अनलॉक होने के बाद लुधियाना में मॉल में पहुंचे लोग।
- फोटो : ANI
पंजाब सरकार ने कोरोना के केस कम होने पर सप्ताहांत और रात का कर्फ्यू हटा दिया है। सरकार ने मॉल और रेस्टोरेंट को फिर से खोलने के आदेश दिए हैं। सरकार के इस फैसले से दुकानदार बेहद खुश हैं। लुधियाना के आइसक्रीम पार्लर मालिक हरदीप सिंह का कहना है कि हमारा खर्चा अब पूरा हो जाएगा। लॉकडाउन का मतलब नुकसान था क्योंकि हमें काउंटर रेंट, बिजली खर्च का भुगतान करना था। ग्राहकों के आने पर हमें भी लाभ होगा।
पंजाब में कोरोना की संक्रमण दर घटकर 0.4 प्रतिशत आने पर पंजाब सरकार ने पाबंदियों में राहत दी है। शुक्रवार को कोविड की स्थिति की वर्चुअल समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सप्ताहांत लगने वाला और रात्रि कर्फ्यू हटाने के आदेश जारी किए। सोमवार से इनडोर में 100 और आउटडोर कार्यक्रमों में 200 लोग शामिल हो सकेंगे।
बार, सिनेमा हाल, रेस्टोरेंट, स्पा, तैराकी पुल, जिम, मॉल, खेल कॉम्प्लेक्स, म्यूजियम, चिड़ियाघर 100 प्रतिशत क्षमता के साथ खोलने को कहा है। इसके लिए शर्त यह रहेगी कि स्टाफ और विजेटर्स को कोरोना का टीका जरूर लगा होना चाहिए। टीचिंग, नॉन-टीचिंग स्टाफ और विद्यार्थियों को दो हफ्ते पहले कोरोना की कम से कम एक खुराक लगी होने का सर्टिफिकेट देख जिला उपायुक्त कॉलेज और शिक्षण संस्थानों को खोलने की इजाजत दे सकते हैं। स्कूल अभी बंद ही रहेंगे। कैप्टन ने कहा कि 20 जुलाई को कोविड के हालात की दोबारा समीक्षा की जाएगी। स्वास्थ्य सचिव हुसन लाल ने कहा कि चार जिलों में संक्रमण दर एक प्रतिशत या इससे कम है लेकिन अभी लुधियाना, अमृतसर, गुरदासपुर, फिरोजपुर और रूपनगर में चौकसी बरतने की जरूरत है।