उपभोक्ता अदालत में व्यापारियों के खिलाफ कम से कम मामले पहुंचें, इसलिए चंडीगढ़ बिजनेस काउंसिल आगे आई है। काउंसिल ने एक एप बनाने का निर्णय लिया है, इसके माध्यम से ग्राहकों और व्यापारी के बीच पैदा हुए विवाद को एसोसिएशन के पदाधिकारी खुद ही हस्तक्षेप करके निपटाएंगे।
एसोसिएशन के अनुसार अदालतों में ज्यादा से ज्यादा मामले जाने पर व्यापारियों की ही किरकिरी होती है। ऐसे में अब एप ग्राहक और व्यापारियों के बीच एक मध्यस्थ का काम करेगा। मालूम हो कि इस समय उपभोक्ता अदालत में हजारों मामले ग्राहक और व्यापारियों के बीच चल रहे हैं।
एसोसिएशन के अनुसार नवंबर के पहले सप्ताह में इस एप को लांच कर दिया जाएगा। एप में ग्राहक कार्नर भी होगा, जिसमें ग्राहकों के सुझाव और शिकायतें सुनी जाएंगी। जबकि एप में बाजारों के दुकानदारों के नाम भी शामिल होंगे। यह एप पर्यटकों की भी मदद करेगा, जिसमें दूसरे राज्यों से आने वाले पर्यटकों की जानकारी मिल पाएगी कि शहर में कहां कहां पर वह घूमने के लिए जा सकते हैं और पर्यटक स्थल पर जाने के लिए कौन सा साधन का इस्तेमाल कर सकते हैं।
शहर में होने वाले इवेंट की भी जानकारी मिलेगी
इस एप से लोगों को शहर में होने वाले इवेंट की भी जानकारी मिलेगी। साथ ही दुकानों में मिल रही छूट और प्रमोशनल उत्पादों को शामिल किया जाएगा। एप पर ट्रेन और बस सर्विस की जानकारी समय के साथ होगी। शहर में क्या क्या देखा जा सकता है व शहर के सभी होटलों की भी जानकारी एप पर मिलेगी।