बुड़ैल जेल में चोरी के केस में सजा काट रहे एक कैदी की तबीयत खराब होने के बाद जीएमसीएच-32 में इलाज के दौरान मौत हो गई। पीड़ित परिजनों ने जेल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतक कैदी की पहचान अजय (24) के रूप में हुई है।
अजय के भाई अमन ने बताया कि कुछ दिन पहले वह अपने भाई से मिलकर आया था। इस दौरान उसकी तबीयत ठीक थी। बुधवार को उसकी फोन पर अजय से बातचीत हुई। इस दौरान उसने तबीयत खराब होने जैसी कोई बात नहीं बताई थी।
अमन ने कहा कि अचानक दो दिन में ऐसी कौन सी बीमारी अजय को हुई कि उसकी मौत हो गई? अमन ने आरोप लगाया कि पुलिस के अनुसार अजय को जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया गया। इस दौरान उसकी मौत भी हो गई। लेकिन, जेल प्रशासन ने परिजनों को एक जानकारी तक क्यों नहीं दी?
जेल में हुई दो बार मारपीट
पीड़ित भाई अमन के अनुसार उसके भाई अजय की जेल में कुछ कैदियों से लड़ाई थी। इसी मामले में जेल के अंदर दो बार उन कैदियों और अजय के बीच मारपीट हुई थी। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि जेल प्रशासन इस वारदात के बाद भी लापरवाही दिखाता रहा। उन्होंने शक जताया है कि अजय की मौत कहीं इनसे नहीं जुड़ी है?
जज की मौजूदगी में हुआ पोस्टमार्टम
जीएमसीएच-32 में दोपहर कैदी अजय के शव का पोस्टमार्टम जज मानव की उपस्थित में करवाया गया। जबकि, पुलिस ने डाक्टरों के पैनल द्वारा किए पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी करवाई।
चोरी केस में हुई तीन साल की सजा:
पीड़ित भाई अमन ने बताया कि अजय को साल 2014 में सेक्टर-34 थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात में पांच साथियों सहित गिरफ्तार किया गया था। इसमें जिला अदालत ने सुनवाई करके अजय को तीन साल की सजा सुनाई थी। वह पिछले सात महीने से बुड़ैल जेल में सजा काट रहा था।
सर्कस ग्राउंड में हुआ था बड़े भाई का मर्डर
मृतक अजय के बड़े भाई का तीन साल पहले सेक्टर-17 सर्कस ग्राउंड में झूले को लेकर झगड़े के बाद चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। दरअसल, मेले में झूले वाले से होते झगड़े को देखकर अजय का भाई समझाने गया था। इसी दौरान एक युवक ने उसके गले पर चाकू से वार कर दिया था।
इसके बाद अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। बुड़ैल जेल के डिप्टी सुपरिडेंट अमनदीप सिंह ने परिजनों को बताया कि जेल में अजय कि हालत अचानक खराब हो गई। वहां से जीएमसीएच-32 में भर्ती करवाया गया। लेकिन, उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अजय की तबीयत पिछले चार दिनों पहले बिगड़ने के बाद उसी दिन से इलाज चल रहा था। जेल प्रशासन ने नियमों के तहत उसका इलाज करवाया है। अजय के मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद खुल जाएगा।
- एएस चीमा, आईजी बुड़ैल जेल