हरियाणा के अंबाला कैंट में अपग्रेड होने वाले सिविल अस्पताल में 94 नए सरकारी पदों को मंजूरी मिली है। इनपर भर्ती जल्द ही जाएगी। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा है हरियाणा वित्त विभाग से 94 पदों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके तहत अस्पताल को 75 से 100 बिस्तर वाला बनाया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अस्पताल के अपग्रेडेशन से अंबाला और इसके आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि सभी लोगों को उनके घरों के आसपास ही चिकित्सा सुविधाएं प्राप्त करवाई जा सकें।
विज ने बताया कि अस्पताल में कुल 94 पद स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी समेत प्रयोगशाला तकनीशियन के पद तक शामिल हैं।
इन पदों पर की जाएंगी भर्तियां
विज ने बताया कि अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी के 2 पद समेत उप-अधीक्षक के 2, चिकित्सा अधिकारी के 31, वरिष्ठ डेंटल सर्जन 1, डेंटल सर्जन 1, क्लीनिकल मनोचिकित्सक 1, फिजियोथेरेपिस्ट 2, ओडियोमैट्रिक 1, मैट्रन 1, नर्सिंग सिस्टर 2, स्टाफ नर्स 18, वरिष्ठ फार्मासिस्ट 1, फार्मासिस्ट 1, वरिष्ठ प्रयोगशाला तकनीशियन 1, प्रयोगशाला तकनीशियन 7 और दंत सहायक मैकेनिक 2 पद शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि इसी प्रकार रेडियोग्राफर का 1 पद, नेत्र सहायक (औपथालमिक) के 2, ओटीए 4, ईसीजी तकनीशियन 3, प्लास्टर तकनीशियन 1, डाइटिशियन 1, लेखा सहायक 1, मुख्य क्लर्क/उप-अधीक्षक 1, कैशियर 1, कम्प्यूटर क्लर्क 1, बायोमैडिकल इंजीनियर 1, स्टोर कीपर 2, ड्राईवर का 1 पद शामिल हैं।
इन पदों पर भर्ती किए जाने वाले कर्मचारियों को राज्य सरकार का नवीनतम, संशोधित व अनुमोदित वेतनमान दिया जाएगा और आऊटसोर्सिंग से भरे जाने वाले पदों को पॉलिसी के भाग-1 के तहत भरा जाएगा।