हरियाणा लोक सेवा आयोग ने ग्रुप दो अफसरों के 318 पदों के लिए विज्ञापन जारी कर आवेदन आमंत्रित किए हैं। ये आवेदन 27 मई तक ऑनलाइन भरे जा सकेंगे।
उम्मीदवारों की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। हरियाणा के अनुसूचित जाति, पिछड़ा वर्ग, भूतपूर्व सैनिक, शारीरिक रूप से निशक्त, सामान्य श्रेणी में आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों और विशेष पिछड़ा वर्ग के लोगों को नियमानुसार आरक्षण मिलेगा।
इन विभागों में हैं पद खाली
आयोग के प्रवक्ता ने बताया कि इन पदों में सहायक खजाना अधिकारी के 11, हरियाणा वन सेवा ग्रुप-बी के 6, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के सहायक अभियंता (सिविल) के 44, मेकैनिकल के दो, कर्मचारी राज्य बीमा हेल्थ केयर विभाग में हरियाणा सिविल चिकित्सा सेवा के 88 पद के िललिए आवेदन मांगे गए हैं।
वहीं अक्षय ऊर्जा विभाग में परियोजना अधिकारी के 4, बागवानी विभाग में बागवानी विकास अधिकारी के 28, हरियाणा फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला मधुबन करनाल में वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी (विस्फोटक) एक, साइबर फोरेंसिक सहायक निदेशक साइबर एक, कर्मचारी राज्य बीमा हेल्थ केयर विभाग में चिकित्सा अधिकारी ग्रुप-ए के 9, पशुपालन एवं डेयरी विभाग में पशु चिकित्सक के 123 पद शामिल हैं।
इन नंबर और वेबसाइट पर मिलेगी ज्यादा जानकारी
ऑनलाइन आवेदन भरने के बाद 6 जून को शाम चार बजे तक स्टेट बैंक ऑफ पटियाला की किसी भी शाखा में शुल्क जमा करवाया जा सकेगा। प्रवक्ता ने बताया कि आयोग ऑनलाइन के अलावा किसी अन्य प्रकार से आवेदन स्वीकार नहीं करेगा।
अधिक जानकारी के लिए आयोग की वेबसाइट www.hpsc.gov.in या www.hpsconline.in पर उपलब्ध है। विस्तृत जानकारी किसी भी कार्य दिवस पर टेलीफोन नंबर 0172-2560754 से भी ली जा सकेगी।