सीसीटीवी में कैद फायरिंग की घटना।
- फोटो : वीडियो ग्रैब
जीरकपुर के लोहगढ़ रोड स्थित व्यापारिक संस्थान मेट्रो प्लाजा में शुक्रवार शाम साढ़े पांच बजे कार सवारों ने रंजिशन एक कार में जा रहे युवकों पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में कार सवार दो युवक घायल हो गए।
एक निजी अस्पताल में भर्ती इंदरजीत निवासी बलाचौर की पसलियों में गोली लगने के बाद आरपार हो गई। वहीं, सतिंदर वर्मा निवासी लुधियाना के जांघ में गोली लगी है। इंदरजीत की हालत गंभीर बनी हुई है। मेट्रो प्लाजा में गोली चलने की सूचना के बाद एसपी (ग्रामीण) मनप्रीत सिंह और डीएसपी विक्रम बराड़ मौके पर पहुंचे।
यह भी पढ़ें: नई वर्दी में दिखेंगे सैनिक: अमेरिका की तर्ज पर भारतीय सेना के लिए बनी नई यूनिफार्म, बाहर बिक भी नहीं पाएगी
सूत्रों के मुताबिक फायरिंग का कारण एक लड़की को लेकर पुरानी रंजिश बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों गाड़ियां स्विफ्ट थीं और दोनों लोहगढ़ से आईं। हमलावरों की गाड़ी पार्किंग में जाकर रुक गई। इसी बीच पीछे से दूसरी स्विफ्ट कार में आ रहे युवकों को रुकने का इशारा किया। जब वे नहीं रुके तो युवकों ने एक के बाद एक चार गोली दाग दीं। इसके बाद घायल युवक ने गाड़ी भगा ली और थोड़ी दूर जाकर वह बेहोश हो गया।
लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इसी बीच हमलावर मौके से फरार हो गए। करीब 20 मिनट बाद एसएचओ जीरकपुर पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया और खुद मौके पर जांच शुरू कर दी। घायल युवकों और हमलावरों की गाड़ी पंजाब नंबर ही बताई जा रही है। पुलिस ने घायलों के परिजनों को वारदात की जानकारी दे दी गई है। उनके आने के बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मौके से 32 बोर के चार खोल बरामद किए हैं।