बीएसएनएल यूजर्स के लिए बेहद अहम खबर। दो दिन से ब्रॉडबैंड ठप पड़ा है और कब तक बंद रहेगा, कुछ कहा नहीं जा सकता। शनिवार को भी मुरम्मत का काम जारी रहा। अब रविवार तक यह हालात सुधरेंगे या नहीं, इसका जवाब भी बीएसएनएल के अधिकारियों के पास नहीं है। बहरहाल इन परिस्थितियों में काम चलाने के लिए इंटरनेट यूजर प्राइवेट कंपनियों का सहारा ले रहे हैं। भले मार्केट में विकल्प के तौर पर प्राइवेट कंपनियों की इंटरनेट सेवा है।
लेकिन, सबसे ज्यादा दिक्कत का सामना बीएसएनएल के उन इंटरनेट यूजर को करना पड़ रहा है, जो चाह कर भी किन्हीं कारणों से प्राइवेट कंपनियों की सेवा नहीं ले पा रहे हैं। इस कारण बैंकिंग सेवा और सरकारी दफ्तरों का काम सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। उपभोक्ताओं का कहना है कि कई कारणों से अभी भी ज्यादातर ग्राहकों का विश्वास बीएसएनएल पर टिका है। लोगों का कहना है कि ऐसे हालात रहे तो जो हालत बीएसएनएल के फोन की हुई है, उसी तरह उपभोक्ता बीएसएनएल की ब्राडबैंड सेवा से भी किनारा कर लेंगे।
प्राइवेट कंपनियों की ओर रुझान
उपभोक्ताओं का कहना है कि बीएसएनएल बेहतर सुविधाएं देने में सक्षम है, लेकिन अधिकारिक स्तर पर लापरवाही और गैर जिम्मेदाराना रवैया होने के कारण लोग प्राइवेट कंपनियों के इंटरनेट कनेक्शन ले रहे हैं। उपभोक्ताओं ने बताया कि अपडेट देने और ग्राहकों को संतुष्ट करने में बीएसएनएल का सिस्टम फेल साबित हो रहा है। रुटिन में भी जब बीएसएनएल की ब्राडबैंड सेवा चलती है तो उसमें यूजर को स्पीड नहीं मिल पाती।
बंगलूरू में आई खराबी
बीएसएनएल मोहाली के जेटीओ मनोहर लाल के मुताबिक, पूरे मोहाली में इंटरनेट सेवा प्रभावित है। उन्होंने बताया कि तकनीकी कारणों से उपभोक्ताओं की ब्राडबैंड सेवा ठप हुई है। उसे ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह खराबी बंगलूरू में पैदा र्हुई है। इसे ठीक करने के प्रयास जारी हैं।