बीएसएफ के डायरेक्टर जनरल डी.के पाठक ने पंजाब से सटी भारत-पाकिस्तान की सीमा पर पाकिस्तान की तरफ से हो रही हेरोइन की तस्करी को एक गंभीर विषय बताया और बीएसएफ अधिकारियों के साथ बैठक कर हेरोइन की तस्कर पर अंकुश लगाने के आदेश दिए।
सरहद पर बनी प्रत्येक बीओपी पर जाकर सीमा की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके अलावा वाघा बार्डर पर रिट्रीट सेरेमनी देखी और ज्वाइंट चेक पोस्ट अटारी पर पाकिस्तान के ब्रिगेडियर नजीब गुल ने डीजी पाठक को फ्रूट का टोकरा भेंट किया।
पंजाब के सीनियर पीआरओ व डीआईजी आरपीएस जयसवाल ने बताया कि डीजी पाठक ने अमरकोट, बीओपी राजातल व संवेदनशील अमृतसर के सरहदी इलाके का दौरा किया। यहां पर डीआईजी एम.एफ फारूकी से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी हासिल की।
डीजी ने अधिकारियों को आदेश दिए कि सरहद पर लगी फेंसिंग जहां से कमजोर या टूटी है उसकी मरम्मत करवाई जाए। पंजाब के बार्डर से हो रही हेरोइन की तस्करी एक गंभीर विषय है। ये देश के नौजवानों के लिए घातक सिद्ध हो रही है।
इस पर हर हालत में अंकुश लगाना है। पाकिस्तान की तरफ से भारतीय सीमा में हेरोइन की खेप नहीं पहुंचनी चाहिए इसके लिए सरहद पर सुरक्षा के पुख्त बंदोबस्त किए जाए।
अमृतसर में वाघा बार्डर पर दोनों देशों के रेंजरों के बीच होने वाली रिट्रीट सेरेमनी देखने के बाद डीजी पाठक ने लोगों से बातचीत की और रिट्रीट सेरेमनी स्थल पर पयर्टकों को बेहतरीन सुविधा प्रदान करने की बात कही।
इसके अलावा यहां पर रिट्रीट सेरेमनी देखने आ रहे लोगों की सुरक्षा व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए जाने की भी बात कही।