बीएसएफ ने फिरोजपुर सेक्टर के अंतर्गत बीओपी बारेके के पास से पाकिस्तानी तस्करों की ओर से प्लास्टिक की बोतल में भर कर भेजी गई हेरोइन पकड़ी है। हेरोइन का वजन सात किलो है। गौरतलब है कि दो माह के भीतर पंजाब से सटी भारत-पाक सीमा के उस पार से बड़ी मात्रा में हेरोइन और असलहा आया है। अमृतसर से ट्रक में जम्मू-कश्मीर गोला-बारूद जा रहा था जो पकड़ा गया। इसी तरह गेहूं की कटाई से पहले और बाद में विभिन्न तरीकों से पाक तस्करों ने हेरोइन व असलहा भारतीय तस्करों को भेजा है।
सूत्रों के मुताबिक बीएसएफ की बटालियन-136 को गुप्त सूचना मिली थी कि पाकिस्तानी तस्करों ने फेंसिंग पार भारतीय खेतों में हेरोइन की खेप छिपाकर रखी है। इसे भारतीय तस्कर किसी भी समय इस पार ला सकते हैं। बीएसएफ ने शनिवार को स्पेशल सर्च अभियान चलाया। फिरोजपुर बीएसएफ को सेक्टर से सटी सरहद स्थित बीओपी बारेके के पास लगी फेंसिंग पार खेत में बार्डर पिल्लर नंबर-192/13 के पास एक बड़ी प्लास्टिक की बोतल मिली।
यह भी पढ़ें- पंजाब में नवजोत सिद्धू के घर के बाहर बिहार पुलिस का डेरा, तीन दिन से नहीं मिल रहे 'गुरु', पढ़ें- मामला
इसे खोलकर देखा तो उसमें हेरोइन थी। हेरोइन का वजन सात किलो है। बीएसएफ के अधिकारी उस किसान से पूछताछ कर रहे हैं जिसके खेत से हेरोइन बरामद हुई है। पाक तस्कर बीएसएफ की गोली से मरने की बजाय चुपचाप भारतीय तस्करों के बताई हुई जगह पर हेरोइन की खेप छिपाकर चले जाते हैं। पहले पाक तस्कर फेंसिंग के जरिए भारतीय क्षेत्र में हेरोइन की खेप फेंकते थे। जबसे कई पाक तस्कर बीएसएफ की गोली से मरे हैं, उसके बाद से पाक तस्कर खेतों में हेरोइन रख कर चले जाते है या सतलुज नदी के जरिए हेरोइन की खेप भेजते हैं।