बार्डर सिक्योरिटी फोर्स के जवानों ने सोमवार को सीमांत गांव रानियां के पास से एक पाकिस्तानी नागरिक को काबू किया है। इसके कब्जे से प्लास्टिक की एक पानी की बोतल, दो मास्क, एक पेन, एक लाइटर, कपड़े का एक कैरी बैग, एक सेट सुई और धागे का बरामद किया गया है।
उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। वहीं दूसरी तरफ बीएसएफ के अधिकारियों ने मंगलवार को सीमा पर पाक रेंजर्स के साथ बैठक में इस बारे में सूचना दी और विरोध भी दर्ज करवाया।
बीएसएफ प्रवक्ता के मुताबिक बल की एक टुकड़ी 22 अप्रैल की सुबह करीब 11 बजे पाक सीमा से सटे इलाके बार्डर आब्जर्विंग पोस्ट (बीओपी) रानियां में गश्त कर रही थी। इस दौरान जवानों ने कुछ संदिग्ध गतिविधि देखी और पाया कि कोई व्यक्ति रावि दरिया से आगे रियर कक्कड़ की तरफ बढ़ते हुए सरकंडे की ओर जा रहा था। जवानों ने ललकारा तो उसने अंतरराष्ट्रीय बार्डर (आईबी) की ओर भागने लगा, मगर जवानों ने उसे काबू कर लिया। उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे से प्लास्टिक की पानी की बोतल, दो मास्क, एक पेन, एक लाइटर, कपड़े का कैरी बैग और सुई और धागे का एक सेट बरामद हुआ।
काबू किए गए इस 22 वर्षीय युवक की पहचान लाहौर जिला के भगवानपुरा थानातंर्गत गांव मोहम्मद बूटी निवासी तैमूर हसन के रूप में बताई। हालांकि इसके पास से कुछ भी ऐतराजयोग चीज बरामद नहीं हुई। मगर बीएसएफ अधिकारियों ने पूछताछ के बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। बताया जा रहा है कि अन्य एजेंसियां भी इससे पूछताछ कर रहीं हैं।
दूसरी तरफ बीएसएफ अधिकारियों ने इस बाबत आज सुबह जीरो लाइन पर पाक रेंजर्स के साथ बैठक कर उन्हें इसकी सूचना दी और इस तरह से किसी का पाकिस्तान सीमा पार कर भारत में पहुंच जाने पर विरोध भी जताया।