पाकिस्तान की तरफ से बह कर भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे सतलुज दरिया से बीएसएफ ने कोल्ड ड्रिंक की बोतल में रखी गई हेरोइन और दो पाक सिम कार्ड पकड़े हैं। यह घटना बीएसएफ की बीओपी मोहम्मदी वाला के पास घटी। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को ममदोट की तरफ पाकिस्तान से बहकर पाक नाव आई थी, जिसे बीएसएफ ने पकड़ लिया था।
बीएसएफ अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तानी तस्करों ने बीओपी मोहम्मदी वाला के पास पाक से भारतीय सीमा में प्रवेश कर रहे सतलुज दरिया में कोल्ड ड्रिंक की बोतल में हेरोइन भर कर भेजी। जैसे ही भारतीय सीमा में दरिया के रास्ते बोतल पहुंची, उसे बीएसएफ की बटालियन-105 के जवानों ने देखा और दरिया से बाहर निकाला। बोतल में 330 ग्राम हेरोइन और दो पाक मोबाइल कंपनी के सिम कार्ड बरामद हुए।
इसके अलावा कोल्ड ड्रिंक की बोतल एक रस्सी से बंधी थी और उसके साथ पांच लीटर की प्लास्टिक की कैन थी। बीएसएफ अधिकारियों के मुताबिक इस साल में अभी तक 168.265 ग्राम हेरोइन, 435 ग्राम अफीम और 22 पाकिस्तानी सिम कार्ड पकड़े हैं।