हरियाणा सरकार को सदन में घेरने के लिए नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपनी टीम का एलान कर दिया है। हुड्डा की टीम में पूर्व सीएलपी लीडर किरण चौधरी, विधायक कुलदीप बिश्नोई, गीता भुक्कल, रघुबीर कादियान सरीखे अनुभव नेताओं को जगह नहीं मिली है। हुड्डा ने अपने बेहद करीबी और युवा विधायकों पर भरोसा जताया है।
हुड्डा की ओर से की गई नियुक्तियों अनुसार आफताब अहमद विधानसभा में कांग्रेस के उपनेता होंगे। राव दान सिंह को महासचिव, वरुण चौधरी को सचिव, धर्म सिंह छोक्कर को कोषाध्यक्ष, बीबी बत्रा को मुख्य सचेतक और नीरज शर्मा, चिरंजीव राव व शीशपाल सिंह को व्हिप बनाया गया है। हुड्डा के अलावा विपक्ष पर हमला बोलने का जिम्मा बीबी बत्रा पर रहेगा।
विधानसभा के नियमों के तहत वह सत्ता पक्ष को घेरने का काम करेंगे, साथ ही सरकार के मंत्रियों और विधायकों के जुबानी हमलों का भी जवाब देंगे। हुड्डा ने अपनी टीम में अपने धुर विरोधी पूर्व मंत्री कैप्टन अजय यादव के बेटे चिरंजीव राव को भी जगह दी है। कालांवाली के युवा विधायक शीशपाल, नीरज शर्मा व वरुण चौधरी हुड्डा की टीम में जगह पाने में सफल रहे हैं। विधानसभा में सरकार को मुंहतोड़ जवाब देने की कमान इनके हाथ में रहेगी।