पंजाब के अमृतसर के रहने वाले भाई-बहन की इटली में खराब मौसम के चलते कार नहर में गिरने के कारण मौत हो गई। यह हादसा रविवार शाम को इटली के शहर वेरोनेला के पास हुआ। हादसे में बलप्रीत कौर (20) व अमृतपाल सिंह (19) की मौके पर मौत हो गई। दोनों अमृतसर के सब डिवीजन बाबा बकाला साहिब के गांव चीमा बाठ के रहने वाले थे।
भारत में रहने वाले मृतकों के परिजन लवप्रीत सिंह ने बताया कि कुल चार भाई बहन थे। इनमें दो की मौत हो गई। परिवार करीब 20 वर्ष पहले वह इटली में जा बसा था। वहीं बलप्रीत कौर का जन्म भी इटली में ही हुआ था। उनके पिता बचितर सिंह शौंकी प्रसिद्ध कवि हैं। लवप्रीत ने बताया कि इमिग्रेशन कारणों के चलते अभी तय नहीं हो पाया कि मृतकों का अंतिम संस्कार गांव चीमा बाठ में किया जाएगा या इटली में। इस बारे में एक-दो दिन में ही कुछ स्पष्ट हो पाएगा।
गुरदासपुर के युवक की दोहा में हादसे में मौत
गुरदासपुर के कस्बा वडाला बांगर के निकट स्थित गांव रायचक्क निवासी इमानत मसीह की दोहा (कतर) में सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई। युवक की मृत्यु की सूचना के उपरांत परिवार और गांव में शोक व्याप्त है। गांव रायचक्क निवासी इमानत मसीह दो वर्ष पूर्व दोहा में रोजी रोटी कमाने गया था। उसे अप्रैल माह में घर वापस आना था, परंतु उसकी सड़क हादसे में मृत्यु हो गई।
मृतक के भाई ने बताया कि इमानत मसीह को अस्पताल जब उसके साथी देखने गए तो उन्हें नहीं मिलने दिया गया। इमानत मसीह अपने पीछे एक लड़का, दो लड़कियां, पत्नी व बुर्जुग माता छोड़ गया है। परिवारिक सदस्यों ने सरकार से मांग की है कि इमानत का शव जल्द भारत लाया जाए व उनकी आर्थिक सहायता की जाए।